| |

जोबट में किसानों का आंदोलन 5वें दिन भी जारी: पूरी रात खेला पारंपरिक ‘बड़वा’; CM से बातचीत पर अड़े

आलीराजपुर। प्रस्तावित जमीन अधिग्रहण के विरोध में किसानों और आदिवासी समाज का आंदोलन बुधवार को पांचवें दिन भी जारी रहा।

जमीन बचाने की मांग को लेकर ग्रामीण धरना स्थल पर डटे हुए हैं। इस दौरान आदिवासी समाज ने पूरी रात पारंपरिक ‘बड़वा’ खेलकर अपना विरोध जताया।

आंदोलनकारियों का कहना है कि जमीन अधिग्रहण से किसानों और ग्रामीणों के हित प्रभावित होंगे। उन्होंने साफ कर दिया है कि जब तक अधिग्रहण का आदेश पूरी तरह निरस्त नहीं होता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

कलेक्टर का आश्वासन ठुकराया
आंदोलन खत्म कराने के लिए प्रशासन की ओर से ग्रामीणों को समझाइश दी गई और आश्वासन भी दिया गया, लेकिन किसान अपनी मांग पर अड़े रहे। ग्रामीणों ने कलेक्टर के आश्वासन को मानने से इनकार करते हुए मुख्यमंत्री से सीधे बातचीत की मांग की है।
रातभर चलता रहा पारंपरिक विरोध
धरना स्थल पर आदिवासी समाज के लोगों ने पूरी रात ‘बड़वा’ खेलकर विरोध दर्ज कराया। सुबह तक ग्रामीण धरना स्थल पर मौजूद रहे। आंदोलनकारियों ने कहा कि जमीन अधिग्रहण का आदेश रद्द होने तक वे पीछे नहीं हटेंगे।
Share