देवास में नदी में डूबने से युवक की मौत: एक दिन से था लापता, घाट पर मिले कपड़े-जूते; सर्च के बाद मिला शव

हाटपिपलिया (देवास)। नदी में डूबने से 35 वर्षीय युवक की मौत हो गई। युवक एक दिन से लापता था। उसकी तलाश के दौरान नरसिंह घाट के पास साइकिल, कपड़े और जूते मिले थे। इसके बाद पुलिस और नगर परिषद की टीम ने स्थानीय लोगों के साथ मिलकर सर्च ऑपरेशन शुरू किया। अगले दिन सुबह युवक का शव नदी से बरामद किया गया।
मृतक की पहचान संतोष उर्फ जीतू जाटव (35) के रूप में हुई है। वह मूल रूप से ग्राम मोहन सिंह का पूरा, पोस्ट बारा खुर्द, जिला भिंड का रहने वाला था। संतोष एक पैर से दिव्यांग था और हाटपिपलिया में रहकर पानी पतासे यानी गोलगप्पे का ठेला लगाकर परिवार का पालन-पोषण करता था।
नहाने गया था, वापस नहीं लौटा
नगर परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि अरुण राठौड़ और पार्षद पिंटू जमोडिया के अनुसार, संतोष नरसिंह घाट पर नदी में नहाने गया था। शाम तक जब वह वापस अपने मोहल्ले में नहीं पहुंचा तो लोगों ने उसकी तलाश शुरू की।
घाट के पास उसकी साइकिल, कपड़े और जूते लावारिस हालत में मिले। इसके बाद युवक के नदी में डूबने की आशंका जताई गई।

रात में CCTV खंगाले, शुरू किया सर्च ऑपरेशन
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और नगर परिषद के कर्मचारी मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से रात में घाट के आसपास लगे CCTV कैमरों की जांच की गई और नदी में तलाश शुरू की गई।
हालांकि, अंधेरा अधिक होने के कारण रात में युवक का पता नहीं चल सका। इसके बाद अगले दिन सुबह पुलिस, नगर परिषद की टीम और बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने दोबारा नदी में तलाशी अभियान शुरू किया।
कड़ी मशक्कत के बाद मिला शव
काफी तलाश के बाद बीच नदी में पानी के अंदर संतोष का शव मिला। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से शव को नदी से बाहर निकाला गया।
पुलिस ने शव को नगर परिषद के शव वाहन से पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवा दिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। पुलिस ने मामले में वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।