|

मऊगंज में जन्मदिन पर आग में झुलसने से महिला की मौत: बचाने में बेटा भी झुलसा; पति करता था प्रताड़ित

मऊगंज। मसूरिया गांव में 40 वर्षीय महिला की आग में झुलसने से मौत हो गई। घटना के दौरान मां को बचाने के प्रयास में उसका 14 वर्षीय बेटा भी झुलस गया। घायल बेटे को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। घटना के बाद महिला के मायके पक्ष ने उसके पति पर लंबे समय से मारपीट और प्रताड़ना करने के गंभीर आरोप लगाए हैं।

मृतका की पहचान रश्मि द्विवेदी के रूप में हुई है। वह रीवा जिले के बरहेदी, थाना रायपुर कर्चुलियान की रहने वाली थी। मायके पक्ष के मुताबिक, रश्मि की शादी करीब 13 साल पहले मसूरिया गांव निवासी अरविंद द्विवेदी से हुई थी।

पति पर मारपीट और प्रताड़ना के आरोप
मृतका के परिजनों का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही रश्मि को पति द्वारा लगातार मारपीट और प्रताड़ित किया जाता था। परिजनों ने दावा किया है कि रश्मि के साथ मारपीट से जुड़ा एक VIDEO भी उनके पास है, जिसे वे मामले की जांच में अहम साक्ष्य बता रहे हैं।

हालांकि, महिला आग की चपेट में किन परिस्थितियों में आई और उसकी मौत के पीछे वास्तविक वजह क्या है, यह पुलिस की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

मां को बचाने में बेटा भी झुलसा
घटना के दौरान रश्मि आग की चपेट में आ गई। मां को बचाने के प्रयास में उसका 14 वर्षीय बेटा अनमोल धर्म द्विवेदी भी झुलस गया। घायल बेटे को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।

रश्मि की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजनों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर वास्तविकता सामने लाने और दोषी पाए जाने वाले व्यक्ति के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

जन्मदिन के दिन ही मौत से परिवार में मातम
परिजनों के मुताबिक, रश्मि का जन्मदिन भी इसी दिन था। जिस दिन परिवार को उनके जन्मदिन की खुशियां मनानी थीं, उसी दिन उनकी मौत की खबर से घर में मातम छा गया।

मायके पक्ष के लोग रीवा जिले के बरहेदी, थाना रायपुर कर्चुलियान के रहने वाले बताए जा रहे हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद ही महिला की मौत की वास्तविक परिस्थितियां और मायके पक्ष की ओर से लगाए गए आरोपों की सच्चाई सामने आएगी।

Share