रीवा में महिला-नवजात की मौत पर पिता का धरना: बोले- जिम्मेदारों पर FIR हो; 30 हजार मांगने के आरोप

रीवा। संजय गांधी अस्पताल में कल्पना मिश्रा और उसके नवजात बच्चे की मौत पर बवाल बढ़ता जा रहा है। अब मृतका के पिता रामशरण मिश्रा ने सिरमौर चौराहे पर धरना शुरू कर दिया है। उनका कहना है कि जब तक मामले में जिम्मेदार डॉक्टरों के खिलाफ FIR दर्ज नहीं की जाती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
कल्पना मिश्रा की मौत के बाद से ही परिवार अस्पताल प्रबंधन और जिम्मेदार चिकित्सकों पर सवाल उठा रहा है। मृतका के पिता ने कलेक्टर को दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि प्रसव के लिए अस्पताल में भर्ती उनकी बेटी से 30 हजार रुपए की मांग की गई थी।
रकम नहीं देने पर इलाज को लेकर दबाव बनाए जाने का भी आरोप लगाया गया है। परिजनों का आरोप है कि इलाज में लापरवाही के चलते कल्पना और उसके नवजात बच्चे की जान गई। मौत से पहले का एक VIDEO भी सामने आया था, जिसमें कल्पना मदद की गुहार लगाती दिखाई दी थी।

नर्सिंग स्टाफ समेत अन्य पर हुई कार्रवाई
मामले में शुरुआती कार्रवाई के तौर पर नर्सिंग स्टाफ को निलंबित किया गया था। इसके बाद अन्य चिकित्सकीय अधिकारियों पर भी कार्रवाई की गई। हालांकि, मृतका के पिता इससे संतुष्ट नहीं हैं और अब सीधे जिम्मेदार डॉक्टरों के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज करने की मांग कर रहे हैं।
‘निलंबन से न्याय नहीं मिलेगा’
सिरमौर चौराहे पर धरने पर बैठे रामशरण मिश्रा का कहना है कि केवल निलंबन से उन्हें न्याय नहीं मिलेगा। उन्होंने कहा कि उनकी मांग है कि जिम्मेदार डॉक्टरों के खिलाफ FIR दर्ज की जाए। जब तक FIR दर्ज नहीं होती, उनका धरना जारी रहेगा।
परिवार का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि भविष्य में किसी अन्य मरीज के साथ ऐसी घटना न हो। मृतका के पिता के धरने और FIR की मांग ने प्रशासन के सामने नई चुनौती खड़ी कर दी है। अब प्रशासन की कार्रवाई और जांच के निष्कर्षों पर सभी की नजर है।