फिर महंगा हुआ पेट्रोल-डीजल! 90 पैसे प्रति लीटर तक बढ़े दाम, नई दरें लागू

पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच पेट्रोल और डीजल की कीमतों में एक बार फिर बढ़ोतरी कर दी गई है। सार्वजनिक क्षेत्र की तेल विपणन कंपनियों ने करीब 90 पैसे प्रति लीटर तक दाम बढ़ाए हैं। नई कीमतें तुरंत प्रभाव से लागू हो गई हैं। खास बात यह है कि एक हफ्ते के भीतर दूसरी बार ईंधन महंगा किया गया है।
दिल्ली में पेट्रोल 98 रुपये के पार
इंडियन ऑयल द्वारा जारी नई दरों के अनुसार, नई दिल्ली में पेट्रोल 87 पैसे महंगा होकर 98.64 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया है। वहीं, डीजल की कीमत 91 पैसे बढ़कर 91.58 रुपये प्रति लीटर हो गई है।
मुंबई, कोलकाता और चेन्नई में नई कीमतें
मुंबई में पेट्रोल 91 पैसे बढ़कर 107.59 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है, जबकि डीजल 94 पैसे महंगा होकर 94.08 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया है।
कोलकाता में सबसे ज्यादा बढ़ोतरी दर्ज की गई है। यहां पेट्रोल 96 पैसे बढ़कर 109.70 रुपये प्रति लीटर हो गया है, जबकि डीजल 94 पैसे की बढ़त के साथ 96.07 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है।
वहीं, चेन्नई में पेट्रोल 82 पैसे महंगा होकर 104.49 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया है, जबकि डीजल 86 पैसे बढ़कर 96.11 रुपये प्रति लीटर पर बिक रहा है।
एक हफ्ते में दूसरी बार बढ़े दाम
उल्लेखनीय है कि इससे पहले शुक्रवार को भी सरकार ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में करीब 3 रुपये प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी की थी। अब तीन दिन बाद फिर कीमतें बढ़ने से आम उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
पश्चिम एशिया संकट का असर
विशेषज्ञों का मानना है कि पश्चिम एशिया में जारी भू-राजनीतिक तनाव और कच्चे तेल की कीमतों में उछाल का असर घरेलू ईंधन कीमतों पर दिखाई दे रहा है। भारत अपनी जरूरत का बड़ा हिस्सा आयात करता है, इसलिए अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल कीमतों में उतार-चढ़ाव का सीधा असर देश में पेट्रोल-डीजल की कीमतों पर पड़ता है।
नई बढ़ोतरी के बाद अब महंगाई, परिवहन लागत और रोजमर्रा के खर्चों पर असर पड़ने की संभावना भी बढ़ गई है।






