बाड़मेर सीमा पर पाकिस्तानी युवक गिरफ्तार, भारत में 8 किलोमीटर अंदर तक घुसा

राजस्थान के बाड़मेर जिले में भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर घुसपैठ का मामला सामने आया है। बीती रात पाकिस्तान का एक युवक अवैध रूप से भारतीय सीमा में प्रवेश कर करीब 8 किलोमीटर अंदर तक पहुंच गया, जिसे सीमा सुरक्षा बल (BSF) ने गिरफ्तार कर लिया।
घटना बाड़मेर जिले के सरूपे का तला क्षेत्र स्थित अशोका पोस्ट के पास की बताई जा रही है।
चौहटन डीएसपी Jetharam के अनुसार पकड़ा गया युवक पाकिस्तान के मीठी शहर का रहने वाला है। उसकी पहचान 26 वर्षीय आवेश पुत्र हजूर खान के रूप में हुई है।
बीएसएफ जवानों ने संदिग्ध गतिविधि देख युवक को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां उससे लगातार पूछताछ कर रही हैं।
घुसपैठ की सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंच गईं। इसके बाद सीमा क्षेत्र के करीब 10 किलोमीटर इलाके में सघन तलाशी अभियान चलाया गया। हालांकि तलाशी के दौरान कोई संदिग्ध सामग्री नहीं मिली।
सुरक्षा एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि युवक किसी विशेष उद्देश्य से भारत में घुसा था या फिर इसके पीछे कोई तस्करी या जासूसी नेटवर्क सक्रिय है।
गौरतलब है कि करीब एक महीने पहले बाड़मेर पुलिस ने पाकिस्तान से मेटाफेटामाइन (क्रिस्टल मेथ) ड्रग्स सप्लाई मामले में दो तस्करों को गिरफ्तार किया था। जांच में सामने आया था कि पाकिस्तानी तस्कर खुद तारबंदी पार कर भारतीय सीमा में घुसा था और ड्रग्स को रेत में छिपाकर उसकी लोकेशन भारतीय तस्करों को भेजी थी।
इसी तरह की घटनाओं को देखते हुए सीमा क्षेत्र में सुरक्षा और निगरानी पहले से ही बढ़ाई गई थी। मौजूदा मामले को भी सुरक्षा एजेंसियां बेहद गंभीरता से लेकर जांच कर रही हैं।






