पाकिस्तान के बलोचिस्तान में भूकंप, लोग घरों से बाहर निकले

पाकिस्तान के बलोचिस्तान प्रांत के झोब और उसके आसपास के इलाकों में गुरुवार रात भूकंप के झटकों से दहशत फैल गई। भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 4.2 दर्ज की गई। लोग घबराकर अपने घरों से बाहर निकल आए और कुरान की आयतें पढ़ने लगे। हालांकि, झोब के किसी भी हिस्से से जान-माल के नुकसान की कोई रिपोर्ट नहीं आई है।
दुनिया न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, इस्लामाबाद स्थित राष्ट्रीय भूकंप निगरानी केंद्र ने बताया कि भूकंप का केंद्र झोब से 110 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व में 12 किलोमीटर की गहराई पर स्थित था। स्थानीय प्रशासन और बचाव एजेंसियां स्थिति पर बारीकी से नजर रख रही हैं।
इसके पहले गुरुवार की सुबह भी बलोचिस्तान में तेज झटके महसूस किए गए थे। राष्ट्रीय भूकंप निगरानी केंद्र के अनुसार, सुबह का भूकंप रिक्टर स्केल पर 4.6 तीव्रता का था। इसका केंद्र बलूचिस्तान के बारखान से लगभग 55 किलोमीटर उत्तर में था और इसकी गहराई जमीन से लगभग 92 किलोमीटर मापी गई।
विशेषज्ञों ने चेताया है कि लोग सतर्क रहें और स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करें






