| |

झाबुआ में चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा के सामने NSUI का प्रदर्शन: कहा- हम नहीं रहेंगे चुप; सरकार मुकदमा लगाकर दबा रही छात्रों की आवाज

झाबुआ। प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस शहीद चंद्रशेखर आजाद शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय परिसर में शनिवार को NSUI ने विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन NSUI जिलाध्यक्ष नरवेश अमलियार के नेतृत्व में आयोजित किया गया, जिसमें जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन में शामिल छात्रा रुचिका सिंह के खिलाफ दर्ज FIR का विरोध किया गया।

FIR को बताया लोकतांत्रिक 
NSUI जिलाध्यक्ष नरवेश अमलियार ने कहा कि रुचिका सिंह के खिलाफ दर्ज FIR लोकतांत्रिक मूल्यों और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर सवाल खड़े करती है। उन्होंने कहा कि मुकदमों के जरिए छात्रों की आवाज दबाना स्वीकार नहीं किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि यदि किसी भाषण की भाषा को लेकर आपत्ति है तो उसका समाधान कानून के दायरे में होना चाहिए, लेकिन इसके नाम पर शिक्षा, बेरोजगारी, परीक्षा व्यवस्था और सरकार की जवाबदेही जैसे मुद्दों से ध्यान नहीं हटाया जा सकता।

प्रदर्शन में लगाए नारे
प्रदर्शन के दौरान छात्रों और कार्यकर्ताओं ने “छात्रों की आवाज दबाना बंद करो” और “लोकतंत्र बचाओ, संविधान बचाओ” जैसे नारे लगाए। संगठन ने कहा कि असहमति लोकतंत्र का हिस्सा है और सरकार को विरोध की आवाज सुननी चाहिए।

छात्र और कार्यकर्ता रहे मौजूद
शांतिपूर्ण प्रदर्शन में NSUI महामंत्री विनोद गणावा, हेमलता परमार, अलकेश पारगी, अरविंद पचाहा, अल्पेश भूरिया, डूंगरसिंह वास्केल, आनंद गुंडिया सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी, कार्यकर्ता और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

Share