| | |

ग्वालियर में आरक्षक ने दांत से खींची IG की कार: पुलिसकर्मीयों ने किया उत्साहवर्धन; सुनील यादव पहले भी खींच चुके हैं ट्रैक्टर और ट्रक

ग्वालियर। आईजी कार्यालय परिसर में शुक्रवार को आयोजित विदाई समारोह में सेवानिवृत्त आईजी अरविंद सक्सेना को अनोखे अंदाज में सम्मानित किया गया। समारोह के दौरान वे फूलों से सजी कार में सवार थे, जबकि आरक्षक सुनील यादव ने रस्सी को दांतों से पकड़कर कार को कार्यालय परिसर से मुख्य सड़क तक खींचा।

यह दृश्य वहां मौजूद पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए आकर्षण का केंद्र बन गया। विदाई समारोह में अरविंद सक्सेना के लंबे सेवाकाल को याद करते हुए उन्हें विशेष सम्मान देने की तैयारी की गई थी। पुलिस स्टाफ ने उनकी कार को फूलों से सजाया और पारंपरिक विदाई के साथ कुछ अलग करने का निर्णय लिया।

दांतों के सहारे कार खींचकर जताया सम्मान
समारोह के दौरान आरक्षक सुनील यादव ने अपनी शारीरिक क्षमता का प्रदर्शन करते हुए रस्सी को दांतों से पकड़ा और कार को धीरे-धीरे आगे बढ़ाया। कार्यालय परिसर से मुख्य सड़क तक कार खींचे जाने पर वहां मौजूद पुलिस अधिकारी, जवान और अन्य कर्मचारियों ने तालियां बजाकर उनका उत्साह बढ़ाया।

कार खींचने के बाद किया सैल्यूट
निर्धारित स्थान तक कार पहुंचाने के बाद सुनील यादव ने सेवानिवृत्त आईजी अरविंद सक्सेना को सैल्यूट कर सम्मान व्यक्त किया। इसके बाद पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर भावभीनी विदाई दी और उनके स्वस्थ एवं सुखद भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

पहले भी कर चुके हैं ऐसे प्रदर्शन
पुलिस विभाग के सूत्रों के अनुसार आरक्षक सुनील यादव अपनी असाधारण शारीरिक क्षमता के लिए पहले से जाने जाते हैं। वे इससे पहले भी दांतों के सहारे ट्रैक्टर, ट्रक और अन्य भारी वाहनों को खींचने जैसे प्रदर्शन कर चुके हैं। इसी वजह से विभाग में उनकी अलग पहचान बनी हुई है।

वरिष्ठ अधिकारी भी रहे मौजूद
विदाई समारोह में डीआईजी असित यादव, एसएसपी धर्मवीर सिंह सहित पुलिस विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान कई भावुक पल भी देखने को मिले और सहयोगियों ने अरविंद सक्सेना को गर्मजोशी के साथ विदाई दी।

सोशल मीडिया पर चर्चा में आया समारोह
अनोखे अंदाज में हुई यह विदाई अब सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बनी हुई है। लोग इसे पुलिस परिवार की ओर से अपने वरिष्ठ अधिकारी के प्रति सम्मान और आत्मीयता का विशेष उदाहरण बता रहे हैं।

Share