NEET Scam: इंदौर का लॉ स्टूडेंट गिरफ्तार, इंस्टाग्राम पर फर्जी पेपर बेचकर छात्रों से ठगी
क्राइम ब्रांच की एसआईटी ने NEET परीक्षा का पेपर उपलब्ध कराने का झांसा देकर ऑनलाइन ठगी करने वाले एक लॉ स्टूडेंट को गिरफ्तार किया है। आरोपी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर फर्जी पोस्ट और लिंक शेयर कर छात्रों को परीक्षा का पेपर उपलब्ध कराने का दावा करता था और उनसे ऑनलाइन भुगतान करवाता था।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अक्षय मालवीय निवासी आंगन शक्करखेड़ी, लसूड़िया के रूप में हुई है। वह इंदौर लॉ कॉलेज में प्रथम वर्ष का छात्र है। पुलिस ने उसके खिलाफ आईटी एक्ट की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है।
कोटा पुलिस के इनपुट पर हुई कार्रवाई
क्राइम ब्रांच के अनुसार आरोपी के संबंध में कोटा पुलिस ने इंदौर पुलिस को ई-मेल के माध्यम से महत्वपूर्ण जानकारी भेजी थी। इसके बाद टीआई नीरज मेढ़ा के नेतृत्व में गठित एसआईटी ने जांच शुरू की और शनिवार देर रात आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
इंस्टाग्राम पर वायरल करता था फर्जी पोस्ट
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी NEET परीक्षा से पहले इंस्टाग्राम पर फर्जी पोस्ट वायरल करता था। इन पोस्टों में परीक्षा का प्रश्नपत्र, विशेष स्टडी मटेरियल या लीक पेपर उपलब्ध कराने का दावा किया जाता था।
पोस्ट देखने के बाद छात्र आरोपी की प्रोफाइल में दिए गए लिंक पर पहुंचते थे। लिंक एक्सेस करने के लिए उनसे ऑनलाइन भुगतान कराया जाता था। भुगतान के बाद उन्हें पुरानी या एडिट की गई सामग्री उपलब्ध कराई जाती थी।
30 से 35 छात्रों को बनाया शिकार
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपी ने यूपीआई और अन्य डिजिटल पेमेंट माध्यमों के जरिए करीब 30 से 35 छात्रों से रकम वसूली थी। पुलिस को आशंका है कि पीड़ितों की संख्या इससे अधिक भी हो सकती है।
क्राइम ब्रांच के अधिकारियों का कहना है कि आरोपी छात्रों को परीक्षा में सफलता का लालच देकर आर्थिक फायदा उठा रहा था।
पहले से साइबर पुलिस की निगरानी में था
पुलिस के मुताबिक NEET परीक्षा रद्द होने के दौरान भी आरोपी ने इसी तरह की भ्रामक और भड़काऊ पोस्ट सोशल मीडिया पर प्रसारित की थीं। इसके चलते वह पहले से ही साइबर पुलिस की निगरानी में था।
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी पुराने प्रश्नपत्रों और उपलब्ध अध्ययन सामग्री को एडिट कर नए पेपर के रूप में प्रचारित करता था, जिससे अभ्यर्थियों को भ्रमित किया जा सके।
नेटवर्क की तलाश में जुटी पुलिस
क्राइम ब्रांच अब आरोपी से पूछताछ कर रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस पूरे नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं, कितनी रकम की ठगी की गई है और क्या इसके तार अन्य राज्यों तक जुड़े हुए हैं।
मामले की जांच जारी है और पुलिस को इस साइबर ठगी रैकेट से जुड़े और बड़े खुलासों की उम्मीद है।
