NEET पेपर दिलाने के नाम पर ऑनलाइन ठगी, लॉ स्टूडेंट गिरफ्तार; इंस्टाग्राम से फंसाता था छात्रों को
इंदौर क्राइम ब्रांच की एसआईटी टीम ने NEET परीक्षा के फर्जी पेपर बेचने वाले युवक को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी एक लॉ स्टूडेंट है जो, पेपर बेचने के बहाने ऑनलाइन ठगी करता था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार के लिया है। दरहसल, आरोपी सोशल मीडिया पर फर्जी पोस्ट डालकर छात्रों को पेपर उपलब्ध कराने का दावा करता था और उनसे ऑनलाइन पैसे वसूलता था। शनिवार देर रात उसे गिरफ्तार किया गया।
कोटा पुलिस के ई-मेल के बाद हुई कार्रवाई
जानकारी के मुताबिक शनिवार को कोटा पुलिस ने आरोपी के संबंध में इंदौर पुलिस को ई-मेल भेजा था। इसके बाद टीआई नीरज मेढ़ा के नेतृत्व में एसआईटी सक्रिय हुई और आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
आरोपी इंस्टाग्राम के जरिए पोस्ट वायरल करता था
पुलिस जांच में सामने आया है कि अक्षय NEET परीक्षा से पहले इंस्टाग्राम पर फर्जी पोस्ट वायरल करता था। पोस्ट में परीक्षा का पेपर या विशेष सामग्री उपलब्ध कराने का दावा किया जाता था। पोस्ट देखने के बाद छात्र आरोपी की प्रोफाइल में दिए गए लिंक पर पहुंचते थे। लिंक खोलने के लिए उनसे ऑनलाइन भुगतान कराया जाता था। भुगतान के बाद उन्हें कथित पेपर या सामग्री दी जाती थी
पहले भी सायबर पुलिस के रडार पर था आरोपी
पुलिस अधिकारियों के अनुसार NEET परीक्षा रद्द होने के दौरान भी आरोपी ने इसी तरह की भ्रामक पोस्ट सोशल मीडिया पर वायरल की थीं। इसी वजह से वह सायबर पुलिस की निगरानी में था। जांच में सामने आया है कि आरोपी पुराने प्रश्नपत्रों और उपलब्ध सामग्री को एडिट कर नए पेपर के नाम पर प्रचारित करता था। लिंक पर भुगतान करने के बाद ही सामग्री खुलती थी।
