| |

इंदौर में पटवारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी: सभी राजस्व कार्य ठप; आठ साल से पूरी नहीं हुई मांग 

इंदौर। पिछले तीन दिन से पटवारी कलमबंद हड़ताल पर हैं। इसका असर पूरे प्रदेश में देखने को मिल रहा है। पटवारी अपनी पांच सूत्रीय मांगों को लेकर धरना दे रहे है। तहसीलों में पटवारियों के काम बंद होने से राजस्व कार्य प्रभावित हो रहे हैं।

राजस्व कार्य हो रहे प्रभावित
3 अगस्त से मध्य प्रदेश में पटवारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं। तहसीलों में पटवारियों के काम बंद करने से नामांतरण, सीमांकन, जाति प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र और अन्य राजस्व कार्य प्रभावित हो रहे हैं। पटवारी संघ पदोन्नति, कैडर रिव्यू, ग्रेड पे में सुधार की मांग कर रहे है। साथ में सेवा संबंधी अन्य लंबित मुद्दों का समाधान भी शामिल है। आठ सालों से इन मांगों को पूरा नहीं किया गया है।

कुछ मांगों पर बनी सहमति
पटवारी संघ के पदाधिकारियों के अनुसार, सरकार ने कुछ मांगों पर सहमति जताई है। इनमें पटवारियों पर सीधे एफआईआर दर्ज नहीं किए जाने संबंधी मांग भी शामिल है। हालांकि संघ का कहना है कि जब तक सभी प्रमुख मांगों पर आदेश जारी नहीं होते, तब तक हड़ताल वापस नहीं ली जाएगी।

संघ ने हड़ताल जारी रखने का किया ऐलान
सरकार से बातचीत जारी है, लेकिन कैडर रिव्यू, वेतनमान और अन्य प्रमुख मांगों पर ठोस निर्णय होने तक आंदोलन जारी रहेगा। वहीं सांवेर तहसील के पटवारियों ने भी हड़ताल को समर्थन देते हुए काम बंद रखा है। -अंकित सिंह, मप्र पटवारी संघ के पदाधिकारी 

Share