7500 पुलिस कॉन्स्टेबल की परीक्षा अक्टूबर में: MP में 19 हजार से ज्यादा पदों पर होगी भर्ती; 12 परीक्षाओं का संभावित शेड्यूल जारी

भोपाल। मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (ESB) ने 19,062 पदों पर भर्ती के लिए सितंबर से दिसंबर 2026 तक का संभावित परीक्षा कैलेंडर जारी किया है। इसमें सबसे बड़ी भर्ती 7500 पुलिस आरक्षक (कॉन्स्टेबल) पदों की है, जिसकी परीक्षा अक्टूबर 2026 में प्रस्तावित है।
कैलेंडर के अनुसार पंचायत सचिव, रोजगार सहायक, कृषि विस्तार अधिकारी, खंड पंचायत अधिकारी, उपयंत्री, उपनिरीक्षक समेत 12 अलग-अलग भर्ती परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। इससे प्रदेश के हजारों युवाओं को सरकारी नौकरी पाने का मौका मिलेगा।
सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद TET परीक्षा
करीब 1.50 लाख सेवारत शिक्षकों की प्राथमिक और माध्यमिक शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) सितंबर-अक्टूबर 2026 में कराई जाएगी। स्कूल शिक्षा विभाग ने परीक्षा आयोजित कराने की जिम्मेदारी ESB को सौंपी है। शिक्षकों से ऑनलाइन आवेदन भरवाने की प्रक्रिया जल्द शुरू होने की संभावना है।
विभाग के अनुसार यह परीक्षा सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुपालन में कराई जा रही है। यह उन शिक्षकों के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है, जिनकी नियुक्ति पात्रता परीक्षा से जुड़े विवाद के कारण लंबे समय से कानूनी प्रक्रिया में है। परीक्षा का परिणाम उनकी सेवा और भविष्य पर असर डाल सकता है।
ESB ने जारी किया संशोधित परीक्षा कैलेंडर
मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (ESB) भोपाल ने अगस्त से दिसंबर 2026 तक आयोजित होने वाली संभावित भर्ती परीक्षाओं का संशोधित परीक्षा कैलेंडर भी जारी किया है। कैलेंडर के अनुसार विभिन्न विभागों में 18 हजार से अधिक पदों पर भर्ती के लिए परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी।
ESB ने स्पष्ट किया है कि यह संभावित परीक्षा कैलेंडर है। परीक्षाओं की अंतिम तारीख, कार्यक्रम और अन्य व्यवस्थाएं अभ्यर्थियों की संख्या और प्रशासनिक आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए तय की जाएंगी।
भर्ती की नई जानकारी पर नजर रखें
कर्मचारी चयन मंडल ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे परीक्षा संबंधी ताजा जानकारी, विज्ञापन, आवेदन प्रक्रिया और परीक्षा तिथियों के लिए ESB की आधिकारिक सूचनाओं पर नियमित नजर बनाए रखें। जल्द ही पात्रता परीक्षा और अन्य भर्ती परीक्षाओं से संबंधित विस्तृत विज्ञापन जारी किए जाएंगे।