| | | |

चिंटू चौकसे की इंदौर महापौर को चुनौती: कहा- सार्वजनिक मंच पर करें बहस; फिर करें 4 साल का बखान

इंदौर। नगर निगम नेता प्रतिपक्ष चिंटू चौकसे ने इंदौर महापौर को खुली चुनौती दी है। उन्होंने कहा- अगर चार साल बेमिसाल रहे तो पुष्यमित्र भार्गव जनता के सामने आएं। सार्वजनिक मंच पर बहस करें।

बखान करने से पहले जनता को बताएं कि भगीरथपुरा और बाबड़ी हादसे के जिम्मेदारों पर कार्रवाई कब होगी। जनता को ट्राफिक से कब छुटकारा मिलेगा। कब कालोनियों की ड्रेनेज लाइन सही होगी। कब चेंबर चोक नहीं होंगे। कब सड़कें अमेरिका जैसे दिखेंगी।

दरअसल, महापौर द्वारा चार साल बेमिसाल बताते हुए शहर में लगातार प्रोग्राम किए जा रहे हैं। इसके विरोध में कांग्रेस हमलावर है। इसी को लेकर गुरुवार को नगर निगम नेता प्रतिपक्ष ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने निगम के कामकाज पर सवाल उठाए।

जनता को बताएं कौन कौन से वादे हुए पूरे
आरोप लगाया गया कि महापौर ने शहर को बर्बाद करने की सुपारी ले रखी है। चार साल में शहर की व्यवस्था बदहाल हो गई है। यदि महापौर अपने कार्यकाल को सफल मानते हैं तो सार्वजनिक मंच पर आएं। यही से विकास कार्यों पर चर्चा करें। जनता के सामने बताएं कि चार साल में शहर के लिए किए गए कौन-कौन से वादे पूरे किए गए।

शहर की व्यवस्था पर उठाए सवाल
चिंटू चौकसे ने कहा- इंदौर में ट्रैफिक व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति, ड्रेनेज व्यवस्था और सड़कें लगातार बदहाल हुई हैं। नगर निगम शहर की मूलभूत समस्याओं के समाधान में अपेक्षित सफलता हासिल नहीं कर सका है।

जल संकट का भी उठाया मुद्दा
नेता प्रतिपक्ष ने इस साल गर्मी के दौरान पेयजल संकट का मुद्दा उठाया। कहा- बड़ी संख्या में नागरिकों को निजी टैंकरों से महंगे दामों पर पानी खरीदना पड़ा है। नगर निगम नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करने में विफल रहा।

बावड़ी हादसे-भागीरथपुरा का किया जिक्र
नेता प्रतिपक्ष ने रामनवमी के दौरान हुए बावड़ी हादसे और भागीरथपुरा में दूषित पानी से हुई मौतों का भी उल्लेख किया। आरोप है कि इन मामलों में जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई। पीड़ित परिवारों को समय पर राहत नहीं मिली है।

ड्रेनेज और भ्रष्टाचार के आरोप
प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस ने नगर निगम के ड्रेनेज कार्यों और कथित भ्रष्टाचार के मामलों पर भी सवाल उठाए। कई मामलों में जांच हुई, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई।

महापौर को दी बहस की चुनौती
चिंटू चौकसे ने कहा- महापौर पुष्यमित्र भार्गव के साथ उनके चार साल के कार्यकाल पर सार्वजनिक बहस करने के लिए तैयार हैं। उनका कहना है कि जनता के सामने नगर निगम के कार्यों और दावों की वास्तविक स्थिति रखी जानी चाहिए।

Share