धार में घर के बाहर सो रही युवती का अपहरण: जंगल में ले जाकर दुष्कर्म, विरोध करने पर मारपीट; 4 आरोपी गिरफ्तार

धार। अपहरण और दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों का पैदल जुलूस निकालकर उन्हें न्यायालय में पेश किया है। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा के निर्देशन में की गई।
घर के आंगन से युवती को उठाने के आरोप
घटना 3 अगस्त 2026 की रात की है। पीड़िता अपने घर के आंगन में सो रही थी, तभी आरोपी दीपक और करमसिंह अपने साथियों के साथ बाइक से पहुंचे। आरोप है कि आरोपियों ने परिजनों के साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी देकर पीड़िता का जबरन अपहरण कर लिया।
जंगल में ले जाकर दुष्कर्म का आरोप
पुलिस के अनुसार आरोपी पीड़िता को नरवाली के जंगल में ले गए, जहां मुख्य आरोपी करमसिंह ने उसके साथ मारपीट कर दुष्कर्म किया। इसके बाद सुबह परिजनों के पहुंचने पर आरोपी मौके से फरार हो गए।
घेराबंदी कर चारों आरोपियों को पकड़ा
पीड़िता की शिकायत पर टांडा थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 140(3), 64(2)(M), 296(B), 115(2), 351(3), 3(5) के तहत प्रकरण दर्ज किया। पुलिस ने घेराबंदी कर मुख्य आरोपी करमसिंह सहित भंगु डावर, दीपक सिंगार और सुरेश को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपियों के कब्जे से तीन बाइक भी जब्त की गई हैं। पुलिस ने कार्रवाई के बाद आरोपियों को न्यायालय में पेश किया।
पुलिस कर रही मामले की जांच
टांडा थाना प्रभारी संजय रावत ने बताया कि मामले में चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस आगे की जांच और वैधानिक कार्रवाई कर रही है।