नरेन्द्र सिंह तोमर बोले- समर्पण भाव से करें कार्य, तभी साकार होगा विकसित भारत@2047

नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि विकसित भारत@2047 की परिकल्पना को साकार करने के लिए युवा विधायकों को देश के प्रति समर्पण भाव से कार्य करना होगा।
मध्य प्रदेश विधानसभा में आयोजित मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान के युवा विधायकों के सम्मेलन (कॉमनवेल्थ पार्लियामेंट्री एसोसिएशन, भारत क्षेत्र जोन-6) के समापन सत्र को संबोधित करते हुए उन्होंने यह बात कही।
तोमर ने कहा कि नरेन्द्र मोदी का विकसित भारत@2047 का विजन केवल सरकार का नहीं, बल्कि 140 करोड़ भारतीयों का साझा संकल्प है, जिसे पूरा करने के लिए जनभागीदारी जरूरी है।
उन्होंने युवा जनप्रतिनिधियों से आह्वान किया कि वे सकारात्मक सोच, अनुशासन और नवाचार के साथ नेतृत्व क्षमता विकसित करें और “राष्ट्र प्रथम” के संकल्प को अपनाते हुए कार्य करें।
सम्मेलन में टेक्नोलॉजी, स्वच्छता, सोलर एनर्जी, शिक्षा की गुणवत्ता, आधारभूत संरचना, जनसंवाद और जनकल्याण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई। तोमर ने कहा कि केवल समस्याएं उठाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनके समाधान की दिशा में ठोस प्रयास करना भी जरूरी है।
उन्होंने यह भी कहा कि अधूरी परियोजनाओं को प्राथमिकता से पूरा करना चाहिए, ताकि जनसुविधाएं बेहतर हों और विकास की गति तेज हो। साथ ही लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए जनता की भागीदारी को बढ़ावा देना आवश्यक है।
कॉमनवेल्थ पार्लियामेंट्री एसोसिएशन इंडिया रीजन के डॉ. राहुल कराड़ ने कहा कि ऐसे सम्मेलन हर विधानसभा में होने चाहिए, जिससे विधायकों की भूमिका और प्रभाव समाज में और मजबूत हो सके। उन्होंने एआई और आधुनिक शिक्षा के महत्व पर भी प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में संसदीय कार्य मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल सहित कई जनप्रतिनिधि और युवा विधायक उपस्थित रहे।
दो दिवसीय इस सम्मेलन में तीन राज्यों के करीब 40 विधायकों ने विभिन्न विषयों पर अपने विचार रखे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।






