12 जुलाई से दौड़ेगी नांदेड़–टनकपुर साप्ताहिक एक्सप्रेस, MP-UP-उत्तराखंड और महाराष्ट्र को मिलेगी सीधी रेल कनेक्टिविटी
मध्यप्रदेश, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और महाराष्ट्र के बीच रेल यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। रेलवे प्रशासन ने ट्रेन संख्या 17631/17632 नांदेड़–टनकपुर–नांदेड़ साप्ताहिक एक्सप्रेस के नियमित संचालन की घोषणा कर दी है। यह ट्रेन 12 जुलाई 2026 से नियमित रूप से पटरी पर दौड़ना शुरू करेगी। इस नई रेल सेवा के शुरू होने से ग्वालियर सहित झांसी, बीना, इटारसी, खंडवा और अकोला जैसे प्रमुख शहरों के यात्रियों को सीधी और सुविधाजनक रेल कनेक्टिविटी मिलेगी।
रेलवे के अनुसार, ट्रेन संख्या 17631 नांदेड़–टनकपुर साप्ताहिक एक्सप्रेस प्रत्येक रविवार रात 11:40 बजे नांदेड़ से रवाना होगी। यह ट्रेन पूर्णा, अकोला, खंडवा, इटारसी, बीना, ललितपुर, वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी, ग्वालियर, धौलपुर, आगरा कैंट, मथुरा, कासगंज, बदायूं, बरेली, इज्जतनगर, पीलीभीत और खटीमा होते हुए मंगलवार सुबह 5:55 बजे टनकपुर पहुंचेगी।
वहीं वापसी में ट्रेन संख्या 17632 टनकपुर–नांदेड़ साप्ताहिक एक्सप्रेस प्रत्येक मंगलवार सुबह 9:00 बजे टनकपुर से रवाना होगी। यह ट्रेन रास्ते के प्रमुख स्टेशनों से होकर रात 8:40 बजे ग्वालियर पहुंचेगी और अगले दिन बुधवार शाम 4:30 बजे नांदेड़ पहुंचेगी।
इस नई रेल सेवा से उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के बीच सीधा रेल संपर्क मजबूत होगा। खासतौर पर ग्वालियर क्षेत्र के यात्रियों को अब उत्तराखंड के टनकपुर और महाराष्ट्र के नांदेड़ तक बिना ट्रेन बदले यात्रा करने की सुविधा मिलेगी। इससे धार्मिक, पर्यटन, व्यापार और शिक्षा से जुड़े यात्रियों को भी काफी लाभ होगा।
रेलवे ने बताया कि इस ट्रेन में कुल 32 कोच लगाए गए हैं। इनमें 2 एसी द्वितीय श्रेणी, 4 एसी तृतीय श्रेणी, 11 स्लीपर, 8 सामान्य द्वितीय श्रेणी तथा 4 महिला सामान्य द्वितीय श्रेणी के कोच शामिल हैं। पर्याप्त कोच व्यवस्था के कारण यात्रियों को बेहतर यात्रा सुविधा मिलने की उम्मीद है।
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि इस ट्रेन के नियमित संचालन से लंबी दूरी के यात्रियों की यात्रा अधिक आसान और आरामदायक होगी। ग्वालियर सहित पूरे क्षेत्र के रेल यात्रियों को इस नई साप्ताहिक एक्सप्रेस का लंबे समय से इंतजार था, जो अब 12 जुलाई से पूरा होने जा रहा है।