| |

MPL 2026: अब महिला क्रिकेट पर रहेगा फोकस, अगले साल बढ़ेंगी 2-3 नई टीमें — महाआर्यमन सिंधिया

इंदौर। मध्य प्रदेश क्रिकेट लीग (एमपीएल) का शंखनाद हो चुका है और प्रदेश के सबसे बड़े क्रिकेट महाकुंभ में टीमें मैदान पर उतर आई हैं। अत्याधुनिक तकनीक और बढ़ते रोमांच के बीच इस लीग को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह है। इस खास मौके पर ‘प्रदेश प्रकाश’ ने एमपीसीए (एमपीसीए) के अध्यक्ष महाआर्यमन सिंधिया से मैदान पर ही एक्सक्लूसिव बातचीत की। उन्होंने बताया कि कैसे यह लीग देश की सबसे बड़ी प्रादेशिक लीग बन चुकी है और आने वाले समय में महिलाओं के क्रिकेट को बढ़ावा देने के लिए उनके पास क्या बड़े प्लान हैं।

पेश हैं इस विशेष बातचीत के मुख्य अंश

सवाल – आपने एक दिन इस एमपीएल (एमपीएल) को आयोजित करने का सपना देखा था, आज जब टीमें मैदान पर हैं और आप खुद यहां मौजूद हैं तो कैसा लग रहा है?
जवाब – बहुत बढ़िया लग रहा है। मैं आज बेहद खुश हूं कि हमारी यह लीग पूरे भारत में सबसे बड़ी प्रादेशिक क्रिकेट लीग बन चुकी है। इस टूर्नामेंट में करीब 300 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं, जिन्हें 15 टीमों में बांटा गया है। यह पूरा रोमांचक सफर 26 दिनों तक चलने वाला है। हमारे लिए यह बहुत-बहुत गर्व की बात है कि लोग भी इतनी बड़ी संख्या में स्टेडियम के बाहर आकर अपनी टीमों को सपोर्ट कर रहे हैं।

सवाल – कुछ समय बाद आप एमपीएल को किस तर्ज पर और कहाँ देखना चाहते हैं?
जवाब – देखिए, हमारा विजन बहुत साफ है। हम हर साल कुछ ना कुछ नया और इनोवेटिव करना चाहते हैं। हमारा एकमात्र उद्देश्य इस लीग को देश की बाकी सभी टी-20 लीग्स के लिए एक मिसाल और उदाहरण बनाना है। इसी कड़ी में, इस साल हमने पहली बार आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआइ) और लेटेस्ट टेक्नोलॉजी का बड़े स्तर पर उपयोग किया है। साथ ही एक नया गेम भी इंट्रोड्यूस किया है। बदलाव और इनोवेशन का यह सिलसिला हर साल जारी रहेगा।

सवाल – वर्तमान में पुरुषों की 10 टीमें और महिलाओं की 5 टीमें इस लीग का हिस्सा हैं। क्या भविष्य में टीमों की संख्या को और ज्यादा एक्सपैंड (विस्तार) करने का कोई प्लान है?
जवाब – नहीं, जहां तक पुरुषों (मेन्स) की टीमों का सवाल है, उन्हें हम अब और ज्यादा एक्सपैंड नहीं करेंगे। हमारा पूरा फोकस अब महिला क्रिकेट पर है। हम फीमेल (वुमेंस) टीमों की संख्या को बढ़ाएंगे। अगले साल हमारी योजना महिलाओं की दो से तीन नई टीमें और खोलने की है, ताकि इस मंच को महिला क्रिकेटरों के लिए और भी ज्यादा मजबूत और बेहतर बनाया जा सके।

सवाल – इंदौर के क्रिकेट प्रेमी यह जानना चाहते हैं कि क्या अगले साल भी एमपीएल का रोमांच इंदौर में ही देखने को मिलेगा?
जवाब – (मुस्कुराते हुए) हम निश्चित रूप से इसके बारे में विचार करेंगे। मेरा व्यक्तिगत मन यह है कि हम इसमें एक बैलेंस (संतुलन) बनाकर चलें। मैं चाहता हूं कि एक साल यह लीग ग्वालियर में आयोजित हो और एक साल इंदौर में की जाए। हालांकि, यह इस बात पर निर्भर करेगा कि ग्वालियर का स्टेडियम तब तक पूरी तरह तैयार हो पाता है या नहीं। अगर ग्वालियर का स्टेडियम समय पर तैयार नहीं हुआ, तो अगले साल भी हम इसका सफल आयोजन इंदौर में ही करेंगे।

सवाल – ‘प्रदेश प्रकाश’ के माध्यम से आप मध्य प्रदेश की जनता और क्रिकेट फैंस को क्या संदेश देना चाहते हैं?
जवाब – मैं सभी खेल प्रेमियों से बस एक ही बात कहना चाहता हूं कि आप सब लोग भारी संख्या में स्टेडियम जरूर आइएगा और इन मैचों का लुत्फ उठाइए। मैदान पर बेहद रोमांचक मुकाबले हो रहे हैं, शानदार मौसम है और क्रिकेट का बेहतरीन माहौल बना हुआ है। स्टेडियम आकर अपने लोकल प्लेयर्स का हौसला बढ़ाइए और उन्हें दिल खोलकर सपोर्ट कीजिए।

Share

Similar Posts