|

मप्रः मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज चंद्रशेखर आजाद की 95वीं पुण्यतिथि पर देंगे श्रद्धांजलि, भगोरिया उत्सव में भी होंगे शामिल

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज अलीराजपुर जिले के प्रवास पर रहेंगे, जहां वे अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद की 95वीं पुण्यतिथि पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इस दौरान वे जिले को विकास कार्यों की बड़ी सौगात भी देंगे।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री सबसे पहले चन्द्रशेखर आजाद नगर (भाबरा) स्थित आजाद स्मृति मंदिर पहुंचेंगे और अमर शहीद की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि देंगे। इसके बाद वे मण्डी प्रांगण में आयोजित कार्यक्रम में जनसमुदाय को संबोधित करेंगे।

गौरतलब है कि महान स्वतंत्रता सेनानी चंद्रशेखर आजाद का जन्म 23 जुलाई 1906 को भाबरा (वर्तमान चन्द्रशेखर आजाद नगर) में हुआ था। भारतीय स्वतंत्रता संग्राम में उनके साहस और बलिदान को आज भी प्रेरणा के रूप में याद किया जाता है। 27 फरवरी 1931 को प्रयागराज के अल्फ्रेड पार्क में अंग्रेजों से घिर जाने पर उन्होंने अंतिम क्षण तक संघर्ष करते हुए स्वयं को गिरफ्तार न होने देने का संकल्प निभाया था।

जनसम्पर्क अधिकारी निशा सोलंकी के अनुसार, मुख्यमंत्री डॉ. यादव इस दौरे के दौरान जिले में विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन भी करेंगे। वे लगभग 171.19 करोड़ रुपये की लागत से होने वाले विकास कार्यों की सौगात देंगे, जिसमें 79.92 करोड़ रुपये के 14 कार्यों का लोकार्पण और 119.02 करोड़ रुपये के 35 कार्यों का भूमिपूजन शामिल है। इन परियोजनाओं से क्षेत्र के समग्र विकास को गति मिलने की उम्मीद है।

इसके अलावा मुख्यमंत्री उदयगढ़ में आयोजित पारंपरिक भगोरिया उत्सव में भी शामिल होंगे। वे उत्सव स्थल पर जनजातीय प्रतिनिधियों से संवाद करेंगे और स्थानीय संस्कृति को करीब से देखेंगे। भगोरिया उत्सव अपने रंग, उमंग और पारंपरिक लोक संस्कृति के लिए प्रसिद्ध है, जहां पारंपरिक वेशभूषा, मांदल और ढोल की थाप पर समूह नृत्य तथा रंग-गुलाल का अनूठा माहौल देखने को मिलता है।

यह उत्सव जनजातीय जीवन शैली, लोक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण प्रतीक माना जाता है। मुख्यमंत्री की इस यात्रा को विकास और सांस्कृतिक जुड़ाव दोनों दृष्टियों से अहम माना जा रहा है।

Share

Similar Posts