|

‘मिर्जापुर: द मूवी’ रिव्यू: किसी ने बताया दमदार, तो किसी को लगी धीमी; मुन्ना भैया और रवि किशन की तारीफ

मुंबई। ‘मिर्जापुर: द मूवी’ 4 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है। फिल्म को लेकर दर्शकों के शुरुआती रिएक्शन सामने आने लगे हैं। रिव्यू मिले-जुले हैं। कुछ दर्शकों ने फिल्म की जमकर तारीफ की है। वहीं, कुछ लोगों को इसकी रफ्तार धीमी लगी।

फिल्म में दिव्येंदु की वापसी को दर्शकों ने पसंद किया है। मुन्ना भैया के किरदार की खास तौर पर तारीफ हो रही है। एक दर्शक ने दिव्येंदु की एक्टिंग को फिल्म का सबसे बड़ा हाईलाइट बताया। उनके मुताबिक, मुन्ना भैया की एंट्री के साथ ही स्क्रीन पर अलग तरह की एनर्जी देखने को मिलती है।

पंकज त्रिपाठी की भी तारीफ हुई है। कालीन भैया के किरदार में उनकी स्क्रीन प्रेजेंस को दर्शकों ने पसंद किया। रवि किशन की एंट्री को भी दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिला है। फिल्म में बब्बन यादव के किरदार में नजर आ रहे हैं। उनकी एक्टिंग को दमदार और प्रभावी बताया गया है।

डायलॉग और बैकग्राउंड म्यूजिक पसंद आया
फिल्म के डायलॉग्स को भी दर्शकों ने पसंद किया है। कई लोगों का कहना है कि फिल्म में ‘मिर्जापुर’ सीरीज वाला अंदाज बरकरार है। बैकग्राउंड म्यूजिक की भी तारीफ हो रही है। कुछ दर्शकों ने इसे फिल्म की बड़ी ताकत बताया है। एक्शन और क्लाइमैक्स को लेकर भी अच्छा रिस्पॉन्स मिला है। कुछ दर्शकों ने क्लाइमैक्स को काफी एंटरटेनिंग बताया।

कुछ दर्शकों को धीमी लगी फिल्म
फिल्म को लेकर सभी रिएक्शन पॉजिटिव नहीं हैं। कुछ दर्शकों का कहना है कि फिल्म शुरुआत में धीरे आगे बढ़ती है। कुछ जगहों पर कहानी खिंची हुई लगती है। दर्शकों ने एक्शन को भी कमजोर बताया। रोमांस और जबरदस्ती डाली गई वल्गैरिटी को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं।

तरण आदर्श ने दिए 4 स्टार
फिल्म क्रिटिक तरण आदर्श ने ‘मिर्जापुर: द मूवी’ को 4 स्टार दिए हैं। उन्होंने फिल्म को ‘विनर’ और ‘पीक मास एंटरटेनर’ बताया। उन्होंने कहानी, एक्शन, डायलॉग्स और बैकग्राउंड स्कोर की तारीफ की। हालांकि, उन्होंने फिल्म के दूसरे हाफ को थोड़ा लंबा बताया।

तरण आदर्श ने कहा- फिल्म वेब सीरीज का लंबा एपिसोड नहीं लगती। यह बड़े पर्दे के लिए बनाई गई पूरी फिल्म जैसा अनुभव देती है।

सीरीज के बीच की कहानी दिखाई गई
‘मिर्जापुर: द मूवी’ की कहानी सीरीज के पहले सीजन के बीच की है। फिल्म की कहानी सीजन 1 के एपिसोड 6 और 7 के बीच की बताई गई है। फिल्म में पंकज त्रिपाठी, अली फजल, दिव्येंदु, श्वेता त्रिपाठी और रवि किशन नजर आ रहे हैं। जितेंद्र कुमार भी फिल्म का हिस्सा हैं।

फिलहाल फिल्म को लेकर दर्शकों के शुरुआती रिएक्शन मिले-जुले हैं। अब देखना होगा कि बॉक्स ऑफिस पर फिल्म को दर्शकों के वर्ड ऑफ माउथ का कितना फायदा मिलता है।

Share