|

एयर इंडिया की फ्लाइट में 3 हाइड्रोलिक सिस्टम फेल: 36 हजार फीट की ऊंचाई पर बिगड़ा संतुलन; पायलट के ड्रग टेस्ट में भी मिली गड़बड़ी

नई दिल्ली। एयर इंडिया की फुकेट-दिल्ली फ्लाइट में 4 अगस्त को बड़ा तकनीकी खराबी आ गई। विमान करीब 36 हजार फीट की ऊंचाई पर था। तभी इसके तीनों हाइड्रोलिक सिस्टम कुछ सेकंड के लिए फेल हो गए। इससे ऑटोपायलट बंद हो गया। विमान की ऊंचाई भी अचानक कम हो गई।

फ्लाइट फुकेट से दिल्ली आ रही थी। उड़ान के दौरान अचानक तीनों हाइड्रोलिक सिस्टम में खराबी आई। इसके बाद ऑटोपायलट काम करना बंद हो गया। विमान में स्टॉल की चेतावनी भी मिली। विमान करीब 300 फीट नीचे आ गया। इसके बाद पायलट ने विमान को संभाल लिया।

कुल 24 लोग घायल हुए। इनमें 20 यात्री और 4 क्रू मेंबर शामिल थे। चार लोगों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। बाद में विमान सुरक्षित दिल्ली पहुंच गया।

पायलट के ड्रग टेस्ट में भी सामने आई बात
जांच रिपोर्ट में पायलट को लेकर भी जानकारी सामने आई है। विमान के पायलट-इन-कमांड के ड्रग टेस्ट का नतीजा ‘नॉन-नेगेटिव’ आया। एक साइकोएक्टिव पदार्थ की मौजूदगी की जांच में यह नतीजा सामने आया। बाद के टेस्ट में भी इसकी पुष्टि हुई।

हालांकि, रिपोर्ट में यह नहीं कहा गया है कि इसका विमान की तकनीकी खराबी से कोई सीधा संबंध था।

विमान में पहले से थी तकनीकी समस्या
जांच में विमान से जुड़ी एक और जानकारी सामने आई। विमान में पहले से एक तकनीकी समस्या थी। यह समस्या पावर ट्रांसफर यूनिट से जुड़ी थी। इसी वजह से विमान कुछ सीमाओं के साथ उड़ान भर रहा था। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है। अंतिम रिपोर्ट के बाद ही घटना की पूरी वजह साफ होगी।

Share