| | |

इंदौर में ऑपरेशन मैट्रिक्स के तहत चार आरोपी गिरफ्तार: लखनऊ के व्यक्ति से 1.40 लाख ठगे; डॉलर बदलने का दिया था लालच

इंदौर। साइबर ठगी के खिलाफ मध्य प्रदेश पुलिस मुख्यालय के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन मैट्रिक्स के तहत परदेशीपुरा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने एक ऐसे बैंक खाते का पता लगाया है, जिसका इस्तेमाल उत्तर प्रदेश और आंध्र प्रदेश के दो लोगों से साइबर ठगी के लिए किया गया था। मामले में एक आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।

लखनऊ के व्यक्ति से 1.40 लाख
पुलिस के मुताबिक, ऑपरेशन मैट्रिक्स के तहत परदेशीपुरा थाना पुलिस को कुछ संदिग्ध बैंक खातों की जांच सौंपी गई थी। जांच के दौरान सामने आया कि एक केनरा बैंक खाते का इस्तेमाल दो अलग-अलग साइबर फ्रॉड में किया गया। लखनऊ के एक व्यक्ति से 1.40 लाख, जबकि नांदेड के एक व्यक्ति से 38 हजार की ठगी की गई।

लालच देकर ठगी की
जांच में पुलिस को पता चला कि यह बैंक खाता मोनिश मंडलोई ने खुलवाया था। इसके बाद खाता पीयूष पुष्पा, ऋषि पवार, सुजल सोने और फिर रूपेश मंगरोलिया तक पहुंचा। पुलिस के अनुसार, अंतिम आरोपी ने डॉलर को भारतीय मुद्रा में कम और आकर्षक दर पर बदलने का लालच देकर दोनों लोगों से ठगी की।

चार आरोपी गिरफ्तार 
पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि पांचवें आरोपी की तलाश जारी है। जांच में पुलिस को इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और दूसरे संदिग्ध बैंक खातों के बारे में भी जानकारी मिलने की संभावना है।

अपने नाम का बैंक खाता किसी और को ना दें 
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अपने नाम का बैंक खाता किसी दूसरे व्यक्ति को इस्तेमाल करने के लिए न दें। खाते का गलत इस्तेमाल होने पर खाताधारक भी कानूनी कार्रवाई की जद में आ सकता है।

Share