देवास में जन्माष्टमी पर विशेष आयोजन: नरसिंह मंदिर में माखन मटकी की नीलामी; गीताभवन में महाआरती का आयोजन

हाटपिपलिया। जन्माष्टमी के अवसर पर नगर के प्रमुख मंदिरों में विशेष धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया है, जिसको लेकर श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है।
नगर के प्रसिद्ध नरसिंह मंदिर में जन्माष्टमी के अवसर पर एक अनोखी और पारंपरिक माखन मटकी की नीलामी आयोजित की जाएगी। इसमें श्रद्धालु बढ़-चढ़कर हिस्सा लेंगे।
पूरे प्रांगण में माखन-मिश्री का प्रसाद वितरित होगा
इस परंपरा के तहत जो भक्त माखन मटकी की सर्वाधिक बोली लगाकर इसे प्राप्त करता है, उसी भाग्यशाली भक्त द्वारा पूरे प्रांगण में माखन-मिश्री का प्रसाद वितरित करवाया जाता है। इसके पश्चात मध्य रात्रि में भगवान श्री कृष्ण के जन्मोत्सव पर महा आरती की जाएगी और श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद बांटा जाएगा।
गीता भवन में होगी महाआरती
इसी कड़ी में नगर के गीता भवन में भी जन्माष्टमी का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। यहाँ संध्या काल में भव्य भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा, जिसमें भक्ति गीतों पर श्रद्धालु झूमते नजर आएंगे। संध्या आरती के बाद मध्य रात्रि में प्रभु के जन्म के समय महाआरती की जाएगी और तत्पश्चात माखन-मिश्री का प्रसाद वितरित किया जाएगा।