मऊगंज में बदमाशों ने तलवार दिखाकर लूटे 40 लाख: दवाई लेने के बहाने घुसे; महिला को दो घंटे तक बनाया बंधी

मऊगंज। हाटा चौकी अंतर्गत तिलया गांव में अंकुर मेडिकल स्टोर में हथियारबंद बदमाशों ने महिला को बंधक बनाकर 40 लाख लूट लिए। पीड़िता अपने नाबालिग बेटे के साथ घर में अकेली थीं।
तभी दो बदमाश दवाई लेने के बहाने आए। फिर उन्होंने महिला को बांधकर मुंह में कपड़ा ठूंस दिया। बदमाशों के पास कट्टा, रिवाल्वर, गड़ासा और तलवार भी थी।
तलवार दिखाकर बंधी बनाया
घटना 3 सितंबर रात 11 बजे की है। पीड़िता का नाम बेबी साहू (38) है। पति अनिल कुमार साहू कुछ काम से बाहर गए हुए थे। वह अपने नाबालिग बेटे के साथ घर में अकेली थीं। तभी दो अज्ञात बदमाश बाइक से दवाई लेने के बहाने आए। इसके बाद 5-7 और साथी आ गए। बदमाशों ने कट्टा, रिवाल्वर, गड़ासा और तलवार दिखाकर महिला को बंधक बना लिया और मुंह में कपड़ा ठूंस दिया।
सोने-चांदी के जेवरात और नकदी ले गए
बदमाशों ने रात 11 बजे से 1 बजे तक महिला को बंधक बनाए रखा और घर के अंदर रखे सोने-चांदी के जेवरात नकदी सहित मेडिकल स्टोर का सामान लूटकर फरार हो गए। पीड़िता के अनुसार लगभग 40 लाख रुपये की लूट हुई है।
फॉरेंसिक टीम को जांच के लिए बुलाया
घटना की जानकारी मिलते ही एस.डी.ओ.पी. मऊगंज सचि पाठक, थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश पटेल सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को भी जांच के लिए बुलाया है। थाना प्रभारी ने बताया कि महिला की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। आरोपियों की तलाश जारी है हम जल्द ही आरोपियों को पकड़ लेंगे।