मालदीव में मुइज़्ज़ू सरकार को बड़ा झटका, जनमत संग्रह और मेयर चुनाव में विपक्ष की जीत

मालदीव में हुए अहम चुनावी मुकाबलों में मोहम्मद मुइज़्ज़ू की सरकार को बड़ा झटका लगा है। संवैधानिक जनमत संग्रह और मेयर चुनावों में विपक्षी मालदीवियन डेमोक्रेटिक पार्टी (MDP) ने मजबूत प्रदर्शन करते हुए बढ़त बनाई है।
इन चुनावों को सत्ताधारी पीपल्स नेशनल कांग्रेस (PNC) के लिए एक बड़ी राजनीतिक परीक्षा माना जा रहा था, जिसमें पार्टी उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सकी।
शुरुआती आंकड़ों के अनुसार, करीब 70% मतदाताओं ने प्रस्तावित संवैधानिक बदलावों को खारिज कर दिया। यह जनमत संग्रह देश के राजनीतिक ढांचे में बड़े बदलाव से जुड़ा था, जिसमें राष्ट्रपति और संसदीय चुनाव एक साथ कराने का प्रस्ताव शामिल था।
मेयर चुनावों में मालदीवियन डेमोक्रेटिक पार्टी (MDP) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सभी पांच प्रमुख शहरों में मेयर पद जीत लिया। वहीं, काउंसिल सीटों में पीपल्स नेशनल कांग्रेस (PNC) को 498 में से 220 सीटें मिलीं, जबकि MDP ने 207 सीटों पर जीत दर्ज की।
चुनाव में स्थानीय काउंसिल, महिला विकास समिति (WDC) और जनमत संग्रह के लिए एक साथ मतदान हुआ था। आधिकारिक नतीजों की घोषणा देर शाम तक होने की उम्मीद है।
विपक्षी दल के समर्थक राजधानी माले में जीत का जश्न मनाते नजर आए। इस दौरान एडम अज़ीम, जो दूसरी बार मेयर चुने गए हैं, भी समर्थकों के साथ मौजूद रहे।
विशेषज्ञों के अनुसार, इन नतीजों से मोहम्मद मुइज़्ज़ू सरकार की राजनीतिक स्थिति कमजोर हो सकती है और आने वाले समय में देश की राजनीति में नए समीकरण देखने को मिल सकते हैं।






