भोलेनाथ पर आपत्तिजनक टिप्पणी का मामला: FIR की मांग को लेकर दलित नेता मनोज परमार पहुंचे चंदन नगर थाना

इंदौर। सोशल मीडिया पर एक मौलाना का वीडियो वायरल होने के बाद विवाद गहरा गया है। वीडियो में मौलाना सार्वजनिक मंच से हिंदू देवी-देवताओं और भगवान शिव को लेकर विवादित एवं आपत्तिजनक टिप्पणी करते हुए दिखाई दे रहे हैं। भाषण के दौरान उन्होंने भगवान ब्रह्मा, विष्णु और भगवान शिव का उल्लेख करते हुए उनकी पूजा को लेकर विवादित बातें कहीं। साथ ही उन्होंने कहा, “मैंने पंडित जी से कहा कि इतना मत बिगड़िए, खतना तो सबसे पहले आपके यहां शंकर जी ने करवाया।” वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने कड़ी आपत्ति जताई है।
हिंदू संगठनों ने जताया विरोध
वीडियो सामने आने के बाद कई हिंदू संगठनों और सामाजिक संगठनों ने इसे करोड़ों हिंदुओं की धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाला बताते हुए संबंधित मौलाना के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। मामले को लेकर विभिन्न स्थानों पर पुलिस को शिकायतें भी दी गई हैं।
FIR दर्ज कराने थाने पहुंचे मनोज परमार
एफआईआर दर्ज कराने की मांग को लेकर दलित नेता मनोज परमार शनिवार को चंदन नगर थाना पहुंचे। उन्होंने पुलिस को आवेदन सौंपते हुए संबंधित मौलाना के खिलाफ प्रकरण दर्ज करने की मांग की। इस दौरान उनके समर्थक भी बड़ी संख्या में मौजूद रहे और उन्होंने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने जांच के बाद कार्रवाई का दिया आश्वासन
चंदन नगर थाना पुलिस ने आवेदन प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि शिकायत और वायरल वीडियो की जांच के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।