महाकाल नगरी में बेखौफ चोर: सामान खरीदने खड़े पुजारी को घेरा, हाथ की थैली से बनाई ओट और उड़ा ले गए महंगा फोन

उज्जैन। धर्मनगरी उज्जैन में पुलिस की लगातार सख्ती और गश्त के दावों के बावजूद आपराधिक घटनाओं पर लगाम नहीं लग पा रही है। महाकाल थाना क्षेत्र में दो दिन पहले हुई एक दुस्साहसिक चोरी का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद हड़कंप मच गया है।
फुटेज में दो शातिर बदमाश महज दो मिनट के भीतर एक पुजारी की शर्ट की जेब से करीब 80 हजार रुपए कीमत का कीमती मोबाइल फोन उड़ाकर बड़ी आसानी से फरार होते नजर आ रहे हैं। चोरी की इस पूरी वारदात को अंजाम देने के लिए बदमाशों ने हाथ में ली हुई एक थैली की आड़ (ओट) का इस्तेमाल किया।
पूजा का सामान खरीदने गए थे पुजारी, बदमाशों ने घेरा
पीड़ित राजेश पुजारी के अनुसार, वे अपने बेटे के साथ, जो अभी पंडिताई का काम सीख रहा है, आश्रम के पास स्थित नरसिंह घाट की एक दुकान पर पूजा सामग्री खरीदने गए थे।
उन्होंने करीब डेढ़ महीने पहले ही 80 हजार रुपए की कीमत का नया स्मार्टफोन खरीदा था, जिसे उन्होंने अपनी शर्ट की सामने वाली ऊपरी जेब में रखा हुआ था। राजेश पुजारी जब दुकान पर सामान देखने में व्यस्त थे, उसी दौरान दो संदिग्ध युवक उनके बेहद करीब आकर खड़े हो गए और उन्हें धीरे से घेर लिया।
कैमरे की ओर देखकर मुस्कुराया बदमाश, पुलिस तलाश में जुटी
दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में यह पूरी वारदात साफ तौर पर रिकॉर्ड हो गई। फुटेज में देखा जा सकता है कि एक आरोपी अपने हाथ में पकड़ी थैली की आड़ बनाकर बेहद सफाई से पुजारी की जेब में रखे मोबाइल को बाहर खींच लेता है। हद तो तब हो गई जब वारदात को अंजाम देने के तुरंत बाद एक आरोपी दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की तरफ देखता हुआ नजर आया।
फिर दोनों बड़े इत्मीनान से मौके से रफूचक्कर हो गए। मामले में महाकाल थाना प्रभारी गगन बादल ने बताया कि घटना का सीसीटीवी फुटेज हासिल कर लिया गया है। फुटेज के आधार पर दोनों शातिर चोरों की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।