| |

महाकाल की सवारी से लौट रहे दो दोस्तों की मौत: अज्ञात वाहन ने बाइक को मारी टक्कर; डिवाइडर से टकराई

इंदौर। सोमवार को महाकाल की सवारी में शामिल होने उज्जैन गए दो दोस्तों की सड़क हादसे में मौत हो गई। दोनों बाइक से इंदौर लौट रहे थे। सांवेर और इंदौर के बीच अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई।

हादसे में एक की मौके पर मौत
हादसे में भंवरकुआ क्षेत्र निवासी अन्नू उर्फ अनुराग की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उसके दोस्त आकाश को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया। आकाश का एमवाय अस्पताल में इलाज चल रहा था, जहां उसने भी दम तोड़ दिया।

महाकाल की सवारी में शामिल होने गए थे उज्जैन
जानकारी के अनुसार, दोनों दोस्त सोमवार को महाकाल की सवारी में शामिल होने के लिए उज्जैन गए थे। सवारी में शामिल होने के बाद वे बाइक से इंदौर लौट रहे थे। इसी दौरान सांवेर और इंदौर के बीच यह हादसा हो गया।

अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी पुलिस
हादसे की सूचना मिलने के बाद सांवेर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद टक्कर मारने वाला वाहन मौके से फरार हो गया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से अज्ञात वाहन की तलाश कर रही है।

Share