| |

भाजपा की जनसभा में कार्यकर्ताओं से हितग्राहियों तक पहुंचने और चुनावी तैयारी में जुटने का आह्वान; डिजिटल माध्यम से होगी क्रांति

लालगांव। भारतीय जनता पार्टी लालगांव मंडल में आयोजित जनसभा में बीजेपी जिलाध्यक्ष वीरेंद्र गुप्ता ने कार्यकर्ताओं से संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और आगामी चुनावों की तैयारी अभी से शुरू करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा-यदि अभी से रणनीति बनाकर कार्य किया जाए तो आगामी चुनावों में जीत सुनिश्चित होगी।

सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने पंडित श्यामा प्रसाद मुखर्जी के विचारों का उल्लेख किया और जनसंघ से लेकर भारतीय जनता पार्टी तक की वैचारिक यात्रा पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा- वर्तमान समय डिजिटल युग का है, इसलिए अधिक से अधिक युवाओं को डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म से जोड़ने की आवश्यकता है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम ‘मन की बात’ का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा- लालगांव मंडल को जिले का नंबर-वन मंडल बनाने का लक्ष्य तय किया गया है। इसके लिए प्रत्येक कार्यकर्ता को केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों से संपर्क कर योजनाओं की जानकारी देने और फीडबैक लेने का कार्य करना चाहिए।

जिलाध्यक्ष ने केंद्र सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा- पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में देश को नई दिशा मिली। उन्होंने कांग्रेस पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा बढ़ी है। रक्षा, डिजिटल इंडिया और तकनीकी विकास के क्षेत्र में देश ने उल्लेखनीय प्रगति की है। अब समय बदल चुका है। “न तोप चलेगी, न बम, डिजिटल माध्यम से होगी क्रांति।” उन्होंने लोगों से साइबर ठगी से सावधान रहने, मोबाइल और उसके विभिन्न एप्लिकेशन की जानकारी रखने तथा डिजिटल तकनीक का सुरक्षित उपयोग करने की अपील की।

जनसभा की मुख्य बातें

  • लालगांव मंडल को जिले का नंबर-वन मंडल बनाने का लक्ष्य
  • युवाओं को डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म से जोड़ने पर जोर
  • योजनाओं के हितग्राहियों से संपर्क बढ़ाने के निर्देश
  • साइबर फ्रॉड से बचने और डिजिटल जागरूकता बढ़ाने की अपील
Share