| |

इंदौर में 5 करोड़ के साइबर फ्रॉड का अकाउंट पकड़ा: 2 आरोपी गिरफ्तार; 4 मोबाइल, 8 सिम और 11 ATM कार्ड जब्त

इंदौर। क्राइम ब्रांच ने अंतरराज्यीय साइबर ठगी से जुड़े एक म्यूल बैंक अकाउंट का खुलासा करते हुए दो आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। यूको बैंक की महू शाखा के एक खाते में 5 करोड़ रुपए से ज्यादा का लेनदेन मिला है। इस खाते से देश के अलग-अलग राज्यों में दर्ज दर्जनों साइबर ठगी की शिकायतें जुड़ी मिली हैं। पुलिस ने मामले में महू निवासी दीपक राव और लसूड़िया थाना क्षेत्र निवासी गौरव राठौर को पकड़ा है। दोनों के खिलाफ BNS की धारा 318(4) और 3(5) के तहत केस दर्ज किया गया है।

बैंक खाता और सिम दूसरे आरोपी को देने का आरोप
जांच में सामने आया कि दीपक राव ने अपने नाम का बैंक खाता म्यूल अकाउंट के तौर पर इस्तेमाल करने के लिए उपलब्ध कराया था। उसने अपने नाम की सिम भी गौरव राठौर को दी थी, जिस पर बैंक से जुड़े OTP आते थे। पुलिस को आशंका है कि इसी व्यवस्था के जरिए दोनों संगठित तरीके से अलग-अलग राज्यों में होने वाली साइबर ठगी के नेटवर्क से जुड़े थे।

तमिलनाडु से राजस्थान तक जुड़ी शिकायतें
यूको बैंक के इस खाते से जुड़े साइबर अपराध की शिकायतें तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल, गुजरात, उत्तराखंड, दिल्ली, महाराष्ट्र, राजस्थान, हरियाणा, झारखंड, गोवा, ओडिशा, उत्तर प्रदेश और बिहार समेत कई राज्यों में मिली हैं। I4C, NCRP और साइबर क्राइम पोर्टल से मिले डेटा के आधार पर क्राइम ब्रांच ने ‘ऑपरेशन मैट्रिक्स’ के तहत मामले की जांच शुरू की थी।

4 मोबाइल, 8 सिम और 11 ATM कार्ड बरामद
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 4 मोबाइल फोन, 8 एक्टिव सिम कार्ड, 10 बैंक पासबुक और 11 ATM कार्ड जब्त किए हैं। पुलिस अब इन दस्तावेजों और डिजिटल डिवाइस की जांच कर रही है।

एक आरोपी अंडे का ठेला लगाता, दूसरा प्राइवेट नौकरी करता है
दीपक राव 12वीं तक पढ़ा है और अंडे का ठेला लगाता है। वहीं गौरव राठौर B.Com स्नातक है और प्राइवेट नौकरी करता है। पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है। आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर साइबर फ्रॉड से जुड़े अन्य लोगों और अंतरराज्यीय नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।

Share