|

बेटी के जन्मदिन पर गिफ्ट लेने निकले पिता की मौत: घर से कुछ कदम दूर मिला शव; सड़क हादसे की आशंका

इंदौर। बेटी का सातवां जन्मदिन मनाने के बाद उसके लिए गिफ्ट लेने निकले पिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मामला एरोड्रम थाना क्षेत्र की बोहरा कॉलोनी का है। यहां मजदूरी करने वाले ऋषि पाल (35) रात करीब 11 बजे पैदल घर से निकले थे। काफी देर तक वापस नहीं लौटे तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। परिजनों को घर से कुछ ही कदम की दूरी पर ऋषि पाल का शव मिला। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। परिजनों ने आशंका जताई है कि सड़क हादसे में उनकी मौत हुई है। हालांकि, मौत की सही वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है।

बेटी का जन्मदिन मनाने के बाद निकले थे
परिजनों के मुताबिक, ऋषि पाल सोमवार को अपनी बेटी का सातवां जन्मदिन मना रहे थे। रात करीब 11 बजे वह बेटी के लिए गिफ्ट लेने की बात कहकर पैदल घर से निकले थे। कुछ देर बाद भी जब वह वापस नहीं आए तो परिवार के लोग उन्हें तलाशने निकले।

पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की
ऋषि पाल मूल रूप से सीहोर जिले के इच्छावर क्षेत्र के जूना पानी के रहने वाले थे और इंदौर की बोहरा कॉलोनी में रहकर मजदूरी करते थे। एरोड्रम पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है। पुलिस अब घटनास्थल और आसपास के हालात की जांच कर रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी।

Share