|

टांडा रोड स्टेशन से कल चलेगी पहली यात्री ट्रेन: पीएम मोदी वर्चुअली करेंगे शुभारंभ; आदिवासी अंचल को मिलेगी रेल कनेक्टिविटी

धार। लंबे इंतजार के बाद कुक्षी और आसपास के आदिवासी अंचल के लोगों का रेल कनेक्टिविटी का सपना अब पूरा होने जा रहा है। 8 सितंबर को टांडा रोड रेलवे स्टेशन से पहली बार यात्री ट्रेन का संचालन शुरू होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुजरात के वडोदरा से वर्चुअल माध्यम से ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर सेवा का शुभारंभ करेंगे।

टांडा रोड स्टेशन पर रेलवे की ओर से स्थानीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें केंद्रीय राज्य मंत्री और धार सांसद सावित्री ठाकुर सहित भाजपा के जनप्रतिनिधि और क्षेत्र के लोग शामिल होंगे। इसके साथ ही धार-छोटाउदयपुर रेल परियोजना के टांडा रोड-डेकाकुंड रेल खंड पर नियमित यात्री सेवा शुरू हो जाएगी।

16 किमी ट्रैक पर खर्च हुए 435 करोड़ रुपए
प्रस्तावित समय-सारणी के अनुसार 12 कोच की मेमू ट्रेन सुबह 5:30 बजे प्रतापनगर वडोदरा से रवाना होगी। यह जोबट होते हुए करीब 9:30 बजे टांडा रोड पहुंचेगी। ट्रेन दिनभर टांडा रोड स्टेशन पर रुकेगी और शाम 5 बजे वापस वडोदरा के लिए रवाना होगी। रात करीब 9 बजे ट्रेन प्रतापनगर वडोदरा पहुंचेगी।

पश्चिम रेलवे के वडोदरा मंडल के पीआरओ अनुपम सक्सेना के अनुसार धार-छोटाउदयपुर रेल परियोजना की कुल लागत करीब 3900 करोड़ रुपए है। टांडा रोड से डेकाकुंड के बीच 16 किलोमीटर रेल लाइन बिछाने में करीब 435 करोड़ रुपए खर्च हुए हैं।

धार तक 46 किमी रेल लाइन का काम बाकी
टांडा रोड से तिरला-धार तक करीब 46 किलोमीटर रेल लाइन का काम अभी बाकी है। फिलहाल टांडा रोड-डेकाकुंड रेल खंड पर यात्री सेवा शुरू होने से कुक्षी और आसपास के क्षेत्रों को सीधी रेल सुविधा मिलने लगेगी।

व्यापार, रोजगार और पर्यटन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद
केंद्रीय राज्य मंत्री और धार सांसद सावित्री ठाकुर ने कहा कि यात्री रेल सेवा शुरू होने से कुक्षी और आसपास के आदिवासी क्षेत्र के लोगों को आवागमन की बड़ी सुविधा मिलेगी। विद्यार्थियों, व्यापारियों, नौकरीपेशा लोगों और ग्रामीणों को इसका सीधा फायदा होगा। रेल कनेक्टिविटी से क्षेत्र में व्यापार, रोजगार, शिक्षा और पर्यटन के नए अवसर बढ़ने की उम्मीद है।

फैक्ट फाइल
सेवा- 12 कोच की मेमू ट्रेन, शुभारंभ- 8 सितंबर, टांडा रोड पहुंचने का समय- सुबह 9:30 बजे, वापसी- शाम 5 बजे, टांडा रोड-डेकाकुंड रेल खंड- 16 किमी, लागत- 435 करोड़ रुपए, पूरी धार-छोटाउदयपुर परियोजना- करीब 3900 करोड़ रुपए।

Share