| |

आलीराजपुर पुलिस का ऑपरेशन हेलो: 101 गुम मोबाइल बरामद; 17 लाख के फोन मालिकों को लौटाए

आलीराजपुर। मोबाइल गुम होने के बाद उसे वापस पाने की उम्मीद छोड़ चुके लोगों के लिए आलीराजपुर पुलिस ने राहत की खबर दी है। ‘ऑपरेशन हेलो’ के तहत साइबर सेल ने तकनीकी जांच, डिजिटल ट्रैकिंग और CEIR पोर्टल की मदद से 101 गुम मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इनकी कीमत करीब 17 लाख रुपए बताई गई है। पुलिस ने वैधानिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद सभी मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिए। मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने पुलिस की कार्रवाई की सराहना की।

CEIR पोर्टल से ट्रेस किए मोबाइल
SP रघुवंश कुमार सिंह के निर्देशन में साइबर सेल ने गुम मोबाइल की शिकायतों पर विशेष अभियान चलाया। टीम ने CEIR (Central Equipment Identity Register) पोर्टल, डिजिटल ट्रैकिंग और तकनीकी संसाधनों की मदद से अलग-अलग कंपनियों के 101 मोबाइल फोन ट्रेस किए। ‘ऑपरेशन हेलो’ के तहत इससे पहले भी 1037 से ज्यादा गुम मोबाइल फोन खोजकर उनके वास्तविक मालिकों को लौटाए जा चुके हैं।

साइबर सेल की टीम ने निभाई अहम भूमिका
कार्रवाई में एएसपी ज्योति उमठ बघेल, एसडीओपी जोबट आशुतोष पटेल और एसडीओपी आलीराजपुर डॉ. शक्तिसिंह चौहान के मार्गदर्शन में साइबर सेल की टीम ने काम किया। प्र.आर. 06 दिलीप चौहान, आर. 105 प्रमोद भयडिया, आर. 42 राहुल तोमर और आर. 465 नागरसिंह सोलांकी का विशेष योगदान रहा। जिले के सभी थानों के साइबर मित्रों ने भी मोबाइल ट्रेस करने में सहयोग किया।

मोबाइल गुम हो तो तुरंत शिकायत करें
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि मोबाइल गुम होने पर तुरंत नजदीकी थाने या साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराएं। साइबर अपराध होने पर राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर भी शिकायत की जा सकती है। समय पर शिकायत मिलने से मोबाइल ट्रेस करने और कार्रवाई की संभावना बढ़ जाती है।

Share