| | |

इंदौर में गरज-चमक के साथ झमाझम बारिश: पेड़ के नीचे दबी इंदौर डिप्टी कलेक्टर की कार; दोपहर में शाम जैसा अंधेरा छाया

इंदौर। सितंबर का एक हफ्ता सूखा गुजरने के बाद आज दोपहर में अचानक झमाझम बारिश शुरू हो गई। पानी इतना तेज था कि रोड दिखना बंद हो गया। रास्ते से गुजर रहे लोग एक तरफ खड़े होकर बारिश का नजारा देखने लगे। जुलाई-अगस्त सूखा गुजरने के बाद से सभी भादों में अच्छी बारिश की आशा कर रहे थे।

दो दिनों से छाए है बादल 
दो दिनों से बादल छाए हुए थे लेकिन बारिश के कोई आसार नजर नहीं आ रहे थे। आज सुबह भी मौसम ऐसा ही था लेकिन बारिश आने की कोई संभावना नहीं थी। दोपहर में बादलों की गरज के साथ जोरदार बारिश शुरू हो गई। काले बादल छाने से भरी दोपहर में शाम जैसा अंधेरा हो गया। गरज-चमक के साथ दोपहर 2:45 से शुरू हुई बारिश अभी भी लगातार जारी है।

देखिए बारिश की 3 तस्वीरें…

सड़कों पर भरा पानी 

तेज बारिश में बिल्डिंग हुई गायब   

बारिश की वजह से जिमखाना ग्राउन्ड तालाब बन गया


बारिश की वजह से हुआ शाम जैसा अंधेरा


पांच दिन पहले जताए थे आसार
जुलाई-अगस्त में कम बारिश के बाद लोग लंबे समय से अच्छी बारिश का इंतजार कर रहे थे। मौसम विभाग ने पांच दिन पहले ही बारिश के आसार जताए थे और सितंबर के शुरुआती तीन दिनों में कई जिलों में अति भारी बारिश की चेतावनी भी जारी की थी।

पेड़ के नीचे दबी इंदौर डिप्टी कलेक्टर की कार 
जेल रोड चौराहे पर इमली का पेड़ गिर गया। पेड़ के नीचे एक कार दब गई। कार में नर्मदा विकास प्राधिकरण की उपसंचालक और डिप्टी कलेक्टर पूर्णिमा सिंघी के परिजन बैठे थे। सूचना मिलते ही नगर निगम, पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और तुरंत रेस्क्यू शुरू किया। कार में फंसे लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल भेजा गया। हादसे में कम से कम दो लोग घायल हुए हैं, जबकि अन्य घायलों की जानकारी अस्पताल से मिलने के बाद स्पष्ट होगी।

इन इलाकों में भी गिरे पेड़ 
संभागायुक्त भास्कर लाक्षाकार के निर्देश पर प्रशासनिक अमला तत्काल मौके पर पहुंचा। समय पर रेस्क्यू नहीं होने पर बड़ा नुकसान हो सकता था। पेड़ गिरने से रोड के दोनों तरह ट्रैफिक भी रुक गया। इसके अलावा नयापुरा रास्ते और राजमहल कालोनी में भी पेड़ गिरने से यातायात प्रभावित हो गया।

सड़कों पर पानी भरा
लगातार हो रही बारिश से सड़कों पर पानी भर गया है। बारिश और पानी भरने से ट्रैफिक बाधित हो गया है। सबसे ज्यादा परेशानी टू-व्हीलर चालकों को हो रही है। कई जगह ट्रैफिक जाम लग गया है। इसके साथ ही सड़कों पर पैदल चलने वालों को भी दिक्कत हो रही है। कलेक्ट्रेट चौराहे पर बारिश के थोड़े देर बाद ही पानी भर गया। बारिश की वजह से जिमखाना ग्राउन्ड में इतना पानी भरा की तालाब बन गया।

कलेक्ट्रेट चौराहे पर भरा पानी

सुरक्षा के लिए बिजली सप्लाइ बंद
तेज बारिश की वजह से कई इलाकों की बिजली कट गई। लगतार बरस रहे पानी और बादल गरजने के कारण लोगों की सुरक्षा के लिए बिजली सप्लाइ बंद किया गया।


सितंबर में कोटा पूरा होने की उम्मीद 
बता दें कि पिछले साल के मुकाबले इस साल जुलाई-अगस्त में शहर में बहुत कम बारिश हुई। जबकि आसपास के जिलों में अच्छी बारिश जारी है। मानसून सीजन के सिर्फ 23 दिन बचे हैं। आज हुई बारिश से उम्मीद है कि सितंबर में बाकी बचा बारिश का कोटा पूरा हो सकता है।

बढ़ेंगे वायरल फीवर के मरीज 
मौसम बदलने का असर अब लोगों की सेहत पर भी पड़ेगा। बारिश की वजह से सर्दी, जुखाम और वायरल फीवर के मरीज भी बढ़ेंगे। सबसे ज्यादा असर बच्चों और बुजुर्गों की सेहत पर होगा। बच्चों में रोग प्रतिरोधक क्षमता कम होने से उनपर मौसम का असर सबसे पहले होता है इसलिए सावधानी बरतना जरूरी है।

Share