|

लकवा के इलाज का दावा करने वाले क्लीनिक पर कार्रवाई: मरीज की मौत के बाद सील; डॉक्टर हिरासत में

इंदौर । लकवा के इलाज का दावा करने वाले एक क्लिनिक पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देश पर महू के बसी पिपरी क्षेत्र स्थित क्लीनिक को सील कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान डॉक्टरों को भी हिरासत में लिया गया है।

बताया गया कि क्लीनिक में लकवा के इलाज का दावा किया जाता था और उपचार के लिए देश के अलग-अलग शहरों से मरीज यहां पहुंचते थे। उपचार के बाद एक मरीज की मौत होने के मामले में शिकायत कलेक्टर की जनसुनवाई में पहुंची थी। शिकायत के बाद प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई की।

SDM और CHMO ने की कार्रवाई
कलेक्टर के निर्देश के बाद SDM महू राकेश परमार और CHMO डॉ. माधव हासानी की टीम ने क्लीनिक पर कार्रवाई की। टीम ने क्लीनिक को सील कर दिया और संबंधित डॉक्टरों को हिरासत में लिया।

शिकायत के बाद प्रशासन ने लिया संज्ञान
जनसुनवाई में शिकायत मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन ने क्लीनिक की गतिविधियों की जांच की। कार्रवाई के बाद अब क्लीनिक में किए जा रहे उपचार और मरीज की मौत से जुड़े पूरे मामले की जांच की जा रही है।

Share