| | |

विधानसभा-1 में 10 हजार बहनों के साथ रक्षाबंधन: कैलाश विजयवर्गीय ने बंधवाई राखियां; बोले- आशीर्वाद में बड़ी शक्ति

इंदौर। विधानसभा-1 में गुरुवार को रक्षाबंधन पर्व उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने क्षेत्र की करीब 10 हजार बहनों के साथ बाबाश्री गार्डन में रक्षाबंधन मनाया। इस दौरान बहनों ने कैलाश विजयवर्गीय और पूर्व विधायक आकाश विजयवर्गीय को राखियां बांधीं। कार्यक्रम में गीत-संगीत और भजनों की प्रस्तुतियों ने माहौल को भक्तिमय बना दिया।

बोले विजयवर्गीय- बहनों के आशीर्वाद में बड़ी शक्ति
मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि रक्षाबंधन स्नेह और प्यार का पर्व है। दूर-दूर से माताएं और बहनें उन्हें आशीर्वाद देने पहुंची हैं।, यह उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि बहनों के आशीर्वाद में बड़ी शक्ति है, जिससे उन्हें लगातार काम करने की ऊर्जा मिलती है और उनके कार्य सफल होते हैं। उन्होंने कहा कि सभी लोगों के चेहरों पर मुस्कान होनी चाहिए। किसी जरूरतमंद की मदद कर उसके चेहरे पर मुस्कान लाना भी पुण्य का काम है।

आकाश विजयवर्गीय ने भी बंधवाई राखियां
पूर्व विधायक आकाश विजयवर्गीय ने बहनों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि बहनों का आशीर्वाद उनके लिए शक्ति का काम करता है और इसी ऊर्जा से वे देश सेवा करते रहेंगे।

महिला मोर्चा की पदाधिकारियों का सम्मान
कार्यक्रम में इंदौर महिला मोर्चा की नवनिर्वाचित अध्यक्ष श्रेष्ठा जोशी और महामंत्री माधुरी जायसवाल का सम्मान भी किया गया। आयोजन में पूर्व सांसद मेधराज जैन, आशा विजयवर्गीय, अशोक चौहान चांदू, गोविंद सिंह पंवार, भूपेंद्र केसरी, विधानसभा-1 के भाजपा पार्षद, मंडल अध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।

बहनें हाथों से राखियां बनाकर लाईं
कार्यक्रम में कई बहने अपने हाथों से बनाई गई राखियां लेकर पहुंचीं। कैलाश और आकाश विजयवर्गीय ने बहनों से राखियां बंधवाईं। कार्यक्रम में गन्नू महाराज ने भजनों की प्रस्तुति दी। आयोजकों की ओर से रक्षाबंधन मनाने पहुंची बहनों को उपहार भी दिए गए।

Share