कॉमनवेल्थ गेम्स 2026: गुलवीर और हरजिंदर ने दिलाए दो सिल्वर, बॉक्सिंग में भारत के तीन मेडल पक्के

ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन जारी है। पांचवें दिन भारत को दो सिल्वर मेडल मिले, गुलवीर सिंह ने पुरुषों की 10 हज़ार मीटर दौड़ में सिल्वर जीता, जबकि हरजिंदर कौर ने वेटलिफ्टिंग में दूसरा स्थान हासिल किया।

इसके साथ ही भारतीय मुक्केबाजों ने भी शानदार खेल दिखाया और तीन मेडल जीत लिए है। भारत के खाते में अब तक 2 गोल्ड सहित कुल 12 मेडल आ गए हैं। हालांकि मेडल टैली में भारत एक स्थान नीचे खिसककर नौवें नंबर पर पहुंच गया है।

बारिश में दौड़े गुलवीर, आखिरी लैप में मारी बाजी
स्कॉटस्टाउन स्टेडियम में लगातार बारिश हो रही थी और ट्रैक भी गीला था, लेकिन 27 साल के गुलवीर सिंह ने हिम्मत नहीं हारी। उन्होंने 10 हज़ार मीटर की दौड़ 27 मिनट 49.78 सेकंड में पूरी की और सिल्वर मेडल अपने नाम किया।

इस रेस का गोल्ड ऑस्ट्रेलिया के काई रॉबिन्सन ने जीता।सबसे खास बात यह रही कि आखिरी लैप शुरू होने तक गुलवीर चौथे नंबर पर थे। उन्होंने अंत में शानदार स्पीड दिखाई और दूसरे स्थान पर पहुंच गए ,वे इस स्पर्धा में मेडल जीतने वाले पहले भारतीय एथलीट बन गए हैं।

सेना में भर्ती की तैयारी करते-करते बने स्टार धावक
गुलवीर उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के सिरसा गांव के रहने वाले हैं। वे भारतीय सेना में नायब सूबेदार हैं। उन्होंने शुरुआत में सेना में भर्ती की तैयारी के लिए दौड़ना शुरू किया था। 2018 में ग्रेनेडियर्स रेजिमेंट में शामिल होने के बाद उन्होंने एथलेटिक्स को गंभीरता से अपनाया और अब देश के लिए मेडल जीत रहे हैं।

हरजिंदर ने जीता सिल्वर मेडल
महिलाओं की 69 किलो भार वर्ग में हरजिंदर कौर ने कुल 227 किलो वजन उठाकर सिल्वर मेडल जीता। कनाडा की चार्लोट सिमोन्यू ने 240 किलो वजन उठाकर गोल्ड जीता वही ऑस्ट्रेलिया की फीबी हेमैन को ब्रॉन्ज मिला।

पहले कबड्डी खेलती थीं हरजिंदर
पंजाब के नाभा के महेश गांव की रहने वाली हरजिंदर शुरुआत में कबड्डी और रस्साकशी खेलती थी। कोच ने उनकी ताकत देखकर उन्हें वेटलिफ्टिंग अपनाने की सलाह दी। घर पर वे चारा काटने वाली मशीन चलाने में भी मदद करती थीं, जिसमें भारी लोहे के पहिए घुमाने पड़ते थे। इसी काम से उनकी शारीरिक ताकत बढ़ी और वेटलिफ्टिंग में उन्हें फायदा मिला। 2022 कॉमनवेल्थ गेम्स में उन्होंने ब्रॉन्ज मेडल जीता था। अब सिल्वर जीतकर उन्होंने साफ कर दिया है कि अगला निशाना गोल्ड मेडल है।

Share