‘जुमांजी: ओपन वर्ल्ड’ का ट्रेलर हुआ आउट: एडवेंचर, एक्शन और कॉमेडी का फुल पैकेज एकसाथ, जानिए कब होगी रिलीज

मुंबई। हॉलीवुड की फेमस फैंटेसी एडवेंचर फ्रेंचाइजी ‘जुमांजी’ का नया पार्ट रिलीज के लिए तैयार है। मेकर्स ने ‘जुमांजी: ओपन वर्ल्ड’ का धमाकेदार ट्रेलर रिलीज कर दिया है। ट्रेलर में ड्वेन जॉनसन और उनकी टीम पहले से कहीं ज्यादा खतरनाक और रोमांचक चुनौतियों का सामना करती नजर आ रही है।
यह फ्रेंचाइजी की आखिरी फिल्म
ट्रेलर के साथ मेकर्स ने यह भी घोषणा की है कि ‘जुमांजी: ओपन वर्ल्ड’ इस सुपरहिट फ्रेंचाइजी की आखिरी फिल्म होगी। फिल्म के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर ट्रेलर शेयर करते हुए लिखा गया है, “एक आखिरी गेम, आखिरी उलटी गिनती शुरू हो गई है।”
एडवेंचर, एक्शन और कॉमेडी का मज़ा एकसाथ
करीब ढाई मिनट के ट्रेलर में जंगल के बीच जबरदस्त एडवेंचर, एक्शन और कॉमेडी का शानदार मिश्रण देखने को मिल रहा है। इस बार चारों किरदार पहले से कहीं अधिक मुश्किल मिशन और नए खतरों का सामना करते नजर आएंगे। फिल्म में ड्वेन जॉनसन के साथ जैक ब्लैक, केविन हार्ट और कैरेन गिलान एक बार फिर अपनी भूमिकाओं में दिखाई देंगे। फिल्म का निर्देशन जेक काडसन ने किया है।
25 दिसंबर को होगी रिलीज
मेकर्स के मुताबिक ‘जुमांजी: ओपन वर्ल्ड’ दुनियाभर के सिनेमाघरों में 25 दिसंबर 2026 को रिलीज होगी। क्रिसमस के मौके पर रिलीज होने वाली इस फिल्म से बॉक्स ऑफिस पर बड़ी सफलता की उम्मीद की जा रही है।