| |

देवास में हनुमान जी की मूर्ति से निकले आंसू: लगातार दो दिन तक जारी रहा सिलसिला, दर्शन करने उमड़े हजारों श्रद्धालु

देवास। हाटपिपलिया के पास मनासा गांव में ऐतिहासिक खेड़ापति सरकार मंदिर से एक अद्भुत घटना सामने आई है। मंदिर में स्थापित प्रतिमा के नेत्र से जल/अश्रु बहने के दावे के बाद पूरे क्षेत्र में यह खबर फैल गई, जिसके बाद दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालुओं का हुजूम उमड़ पड़ा।

पहले मामूली नमी समझकर किया नज़रअंदाज
प्रत्यक्षदर्शी मनीष इनानिया के अनुसार, घटना 28 जुलाई की शाम लगभग 4 बजे की है। दैनिक पूजा-आरती के दौरान मूर्ति से आंसू बहने शुरू हुए। गर्भगृह में सेवा-पूजा कर रहे सदस्यों ने देखा कि प्रतिमा के एक नेत्र से जल की बूंदें लगातार नीचे गिर रही हैं। शुरुआती तौर पर इसे मामूली नमी समझकर पोंछ दिया गया, लेकिन बार-बार पानी की बूंदें बहने पर मंदिर प्रबंधन और स्थानीय ग्रामीण हैरान हो गए।

मंदिर में लगा भक्तों का तांता
यह सिलसिला अगले दिन (29 जुलाई) सुबह तक लगातार जारी रहा। देखते ही देखते आसपास के गांवों से सैकड़ों भक्त दर्शन के लिए मंदिर पहुँच गए और भजन-कीर्तन का दौर शुरू हो गया। स्थानीय लोग इसे ईश्वर का चमत्कार और विशेष संकेत मान रहे हैं। वहीं वैज्ञानिकों व विशेषज्ञों का मानना है कि ऐसी घटनाओं के पीछे प्राकृतिक और तकनीकी कारण भी हो सकते है। हनुमान जी की प्रतिमाओं पर वर्षों से चढ़ाया जाने वाला सिंदूर और चमेली का तेल अंदरुनी परतों में जमा हो जाता है। तापमान में बदलाव के कारण कभी-कभी रुका हुआ द्रव बाहर निकलने का मार्ग बना लेता है।

घटना के तकनीकी कारणों की हो जांच
जहाँ श्रद्धालु इसे अटूट श्रद्धा का केंद्र मान रहे हैं, वहीं विशेषज्ञों का कहना है कि धार्मिक आस्था का सम्मान करते हुए घटना के वास्तविक तकनीकी कारणों की जांच की जानी चाहिए।

 

Share