खजराना में बच्चों के झगड़े ने लिया हिंसक रूप, फायरिंग कर युवक को किया घायल; 24 घंटे में आरोपी गिरफ्तार
शहर के खजराना थाना क्षेत्र में मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जहां पड़ोसी बच्चों के झगड़े के बाद हुए विवाद में बदमाशों ने युवक पर फायरिंग कर दी। घटना में घायल युवक का अस्पताल में इलाज जारी है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 24 घंटे के भीतर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
बच्चों के विवाद से शुरू हुआ झगड़ा, चली गोली
पुलिस के मुताबिक घटना अशरफी कॉलोनी की है, जहां निवासी वसीम हुसैन का घर के सामने रहने वाले इरशाद उर्फ गोलू खान और उसके साथियों से विवाद हो गया था। बताया जा रहा है कि पड़ोसी बच्चों के झगड़े को लेकर शुरू हुआ तात्कालिक विवाद अचानक जानलेवा हमले में बदल गया।
देखते ही देखते आरोपियों ने अवैध देशी कट्टे से फायरिंग कर दी, जिसमें गोली वसीम हुसैन के पैर में लगी। घायल अवस्था में परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका उपचार जारी है।
24 घंटे में पुलिस की बड़ी कार्रवाई
खजराना थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इरशाद उर्फ गोलू खान, सोहेल खान और यासीन खान को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी पुलिस को देखकर भागने की कोशिश कर रहे थे, इसी दौरान उन्हें चोट भी आई।
गिरफ्तार आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश कर दिया गया है, जबकि मामले में अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच कर रही है ताकि घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा सके।
इलाके में बढ़ते नशे के कारोबार पर लोगों की नाराजगी
घटना के बाद क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इलाके में नशे का कारोबार तेजी से बढ़ रहा है, जिससे युवाओं में अपराध की प्रवृत्ति बढ़ती जा रही है।
खजराना थाना प्रभारी मनोज सेंधवा ने बताया कि मामले में हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं में कार्रवाई की जा रही है और जांच जारी है।






