| |

केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने त्रिपुरा में किया आठ परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास

केंद्रीय पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने त्रिपुरा दौरे के दौरान राज्य में 365 करोड़ रुपये की लागत से जुड़ी आठ महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं का उद्देश्य राज्य के जनजातीय, दूरदराज और सीमावर्ती क्षेत्रों में आधारभूत संरचना को सुदृढ़ करना है।

इनमें 270 करोड़ रुपये की लागत से पांच विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया गया, जबकि 95 करोड़ रुपये की लागत से जुड़ी तीन नई परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया। ये सभी परियोजनाएं सड़क संपर्क, बिजली आपूर्ति, स्थानीय रोजगार और आजीविका सृजन से जुड़ी हैं।

केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि इन परियोजनाओं के माध्यम से त्रिपुरा के ग्रामीण और जनजातीय क्षेत्रों को मुख्यधारा से जोड़ा जा रहा है। बेहतर सड़क संपर्क से जहां आवागमन आसान होगा, वहीं बिजली और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार से स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार पूर्वोत्तर राज्यों के समावेशी और संतुलित विकास के लिए प्रतिबद्ध है। त्रिपुरा को संपर्क सुविधा संपन्न, प्रतिस्पर्धी और सतत विकसित राज्य बनाने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है।

श्री सिंधिया ने यह भी कहा कि इन परियोजनाओं से शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और छोटे उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा तथा युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। उन्होंने राज्य सरकार और स्थानीय प्रशासन के सहयोग की सराहना करते हुए समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्यान्वयन पर जोर दिया।

उद्घाटन एवं शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Share

Similar Posts