झाबुआ में स्कॉर्पियो और बाइक की टक्कर हो गई: 3 युवकों में एक की मौत, दो गंभीर घायल; डायल-112 ने पहुंचाया अस्पताल

झाबुआ। बरखेड़ा में मंगलवार शाम भीषण सड़क हादसा हो गया। स्कॉर्पियो और बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई। वहीं, दो युवक गंभीर रूप से घायल हुए हैं। हादसे के समय बाइक पर तीन युवक सवार थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए।

डायल-112 ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया
हादसे की सूचना पुलिस को दी गई। इसके बाद डायल-112 की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। वाहन में तैनात प्रधान आरक्षक महेंद्र भाभोर और पायलट रमेश भूरिया ने घायलों को तत्काल कल्याणपुरा अस्पताल पहुंचाया। थाना प्रभारी एडमिरल तोमर भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने यातायात व्यवस्था संभाली। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया गया। इसके बाद रास्ते को यातायात के लिए क्लियर कराया गया।
हादसे के बाद क्षेत्र में शोक
दुर्घटना की खबर कुछ ही देर में पूरे क्षेत्र में फैल गई। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है। हादसे में जान गंवाने वाले युवक के परिवार में मातम पसरा है।क्षेत्र में लगातार हो रहे सड़क हादसों ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। तेज रफ्तार और यातायात नियमों की अनदेखी हादसों की बड़ी वजह बन रही है। ऐसे में सड़क पर सावधानी और नियमों के पालन की जरूरत है।