| | | |

सेंधवा से इंदौर आ रही बस के अगले टायर निकले; डिवाइडर पार कर रांग साइड में पलटी; 25 से अधिक घायल

बड़वानी। सेंधवा से इंदौर जा रही यात्री बस मंगलवार को ठीकरी थाना क्षेत्र में हादसे का शिकार हो गई। बस के अगले हिस्से का सस्पेंशन टूटने के बाद दोनों अगले टायर निकलकर दूर जा गिरे। इससे बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार करते हुए रांग साइड में पलट गई।

हादसे में 25 से अधिक यात्री घायल हुए हैं। इनमें बच्चे और बुजुर्ग भी शामिल हैं। जानकारी के अनुसार, सेंधवा से इंदौर जा रही यात्री बस जैसे ही ठीकरी थाना क्षेत्र में पहुंची, तभी उसके अगले हिस्से का सस्पेंशन टूट गया। सस्पेंशन टूटते ही बस के दोनों अगले टायर निकलकर दूर जा गिरे।

इसके बाद बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार करते हुए दूसरी लेन में पलट गई। बस की रफ्तार अधिक होने के कारण पलटने के बाद वह दोबारा खड़ी होकर इंदौर से सेंधवा की ओर जाने वाले मार्ग के डिवाइडर पर जा चढ़ी। हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।

एंबुलेंस भी ट्रैफिक में फंसी
हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने में मदद की। घायलों को एंबुलेंस और हाईवे पेट्रोलिंग टीम की सहायता से ठीकरी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। हादसे के बाद मौके पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई। यातायात का दबाव इतना बढ़ गया कि घायलों को अस्पताल लेकर जा रही एक एंबुलेंस भी ट्रैफिक में फंस गई। सूचना मिलते ही ठीकरी और जुलवानिया थाना पुलिस के साथ हाईवे टीम मौके पर पहुंची और यातायात व्यवस्था संभाली। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग अध्यक्ष ने घायलों से की मुलाकात
इसी दौरान भोपाल से सेंधवा लौट रहे राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष अंतरसिंह आर्य ने अपना वाहन रोककर हादसे में घायल यात्रियों से मुलाकात की और उनका ढांढस बंधाया। उन्होंने घटना को तत्काल संज्ञान में लेते हुए आयोग की ओर से संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस अधीक्षक बड़वानी से दूरभाष पर चर्चा की। उन्होंने घायलों को तत्काल प्राथमिक उपचार, एंबुलेंस की समुचित व्यवस्था और बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

Share