|

धार में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई: 5 टन अवैध जलाऊ लकड़ी से भरा ट्रक जब्त; 30 हजार की लकड़ी

धार। जिले में अवैध लकड़ी के परिवहन के खिलाफ वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने रात में लेबड़ ब्रिज मार्ग पर चेकिंग के दौरान अवैध जलाऊ लकड़ी से भरा ट्रक पकड़ा। ट्रक से करीब 5 टन लकड़ी बरामद की गई है। जब्त लकड़ी की अनुमानित कीमत करीब 30 हजार रुपए बताई गई है।

मुखबिर की सूचना पर की कार्रवाई
वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, मुखबिर से अवैध लकड़ी के परिवहन की सूचना मिली थी। इसके बाद विशेष गश्ती और चेकिंग दल बनाया गया। टीम ने रात के समय लेबड़ ब्रिज मार्ग पर वाहनों की जांच शुरू की।

इसी दौरान एक संदिग्ध ट्रक क्रमांक MP-09 HG-0586 तेज गति से गुजरता दिखाई दिया। वन अमले ने घेराबंदी कर ट्रक को रुकवाया और उसकी तलाशी ली।

ट्रक में मिली करीब 5 टन लकड़ी
तलाशी के दौरान ट्रक में करीब 5 टन जलाऊ लकड़ी के गुटके भरे मिले। वाहन चालक से लकड़ी के परिवहन से जुड़े वैध दस्तावेज और परमिट मांगे गए, लेकिन वह कोई वैध कागजात पेश नहीं कर सका।

पूछताछ में चालक ने अपना नाम गणेश पिता नाथूलाल, निवासी धार बताया। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि लकड़ी को प्रतापसिंह चौहान की आरा मशीन ‘विनय टिम्बर मार्ट’, बदनावर से भरकर श्री पेपर कंपनी, इंडोरोमा, पीथमपुर ले जाया जा रहा था।

वन अधिनियम के तहत जब्ती
वन विभाग की टीम ने मौके पर पंचनामा तैयार कर ट्रक और लकड़ी को जब्त कर लिया। कार्रवाई भारतीय वन अधिनियम 1927 और मध्यप्रदेश अभिवहन वनोपज नियम 2022 के प्रावधानों के तहत की गई। जब्त ट्रक और लकड़ी को सुरक्षित मांडव रोड स्थित रेस्ट हाउस, धार लाया गया है। मामले में आगे की वैधानिक जांच की जा रही है।

अवैध कारोबारियों में हड़कंप
कार्रवाई वनमंडलाधिकारी विजयानंथम टी.आर. के निर्देशन और उप वनमंडल अधिकारी सुरेश बरोले के मार्गदर्शन में की गई। वन विभाग की टीम ने बताया कि अवैध लकड़ी के परिवहन पर लगातार नजर रखी जा रही है।

विभाग ने साफ किया है कि जंगल और वन संपदा को नुकसान पहुंचाने वाले लोगों के खिलाफ आगे भी इसी तरह कार्रवाई जारी रहेगी। कार्रवाई से अवैध लकड़ी के कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप की स्थिति है।

Share