झाबुआ पुलिस का ‘ऑपरेशन मर्यादा’: स्टंट और लापरवाही से वाहन चलाने वालों को पकड़ा; दो दिनों में 279 पर कार्रवाई

झाबुआ। महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा, सार्वजनिक स्थानों पर अनुशासन और आमजन के लिए एक सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से झाबुआ पुलिस द्वारा संचालित “ऑपरेशन मर्यादा” के तहत जिलेभर में लगातार और सख्त कार्रवाई की जा रही है।
दो दिनों में 279 लोगों के खिलाफ कार्रवाई
इसी क्रम में पुलिस ने खतरनाक स्टंट करने, तेज रफ्तार एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने वालों के विरुद्ध कड़ा प्रहार किया है। “ऑपरेशन मर्यादा” के पहले दिन झाबुआ पुलिस ने 83 लोगों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की, जबकि अभियान के दूसरे दिन 196 लोगों पर शिकंजा कसा गया। इस प्रकार इस विशेष अभियान के तहत अब तक कुल 279 असावधान और लापरवाह वाहन चालकों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जा चुकी है।

एसपी देवेंद्र पाटीदार ने की समीक्षा
पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पाटीदार ने “ऑपरेशन मर्यादा” की प्रगति की गहन समीक्षा करते हुए इसे और अधिक प्रभावी, परिणाममुखी एवं निरंतर अभियान के रूप में संचालित करने के स्पष्ट निर्देश दिए हैं। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों और अधिकारियों को निर्देशित किया है कि महिलाओं, छात्राओं तथा आमजन की सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की कोताही न बरती जाए और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
आगामी त्योहारों के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम
आगामी त्योहारों को दृष्टिगत रखते हुए जिले में कानून-व्यवस्था, सुरक्षा एवं शांति का वातावरण बनाए रखने के लिए भी पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। संवेदनशील क्षेत्रों में सतत निगरानी रखने, पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती करने, प्रभावी पेट्रोलिंग बढ़ाने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक ने दो टूक स्पष्ट किया है कि “ऑपरेशन मर्यादा” केवल एक औपचारिकता या सीमित अभियान बनकर नहीं रहेगा, बल्कि महिलाओं, छात्राओं और आम नागरिकों के लिए सुरक्षित माहौल तैयार करने के वास्ते यह कार्रवाई आगे भी लगातार और अधिक सख्ती के साथ जारी रहेगी।