|

झाबुआ कलेक्टर पहुंचे खाद वितरण केंद्र: लाइन में खड़े किसानों से की बातचीत; कहा- टोकन से मिलेगी खाद

झाबुआ। कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने शुक्रवार को मार्कफेड डबल लॉक सेंटर एवं विपणन केंद्र मिंडल का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने किसानों को किए जा रहे उर्वरक वितरण और नई ऑनलाइन टोकन व्यवस्था की जानकारी ली।

कलेक्टर ने जिला विपणन अधिकारी अमिता मोरे को केंद्र पर तत्काल दो कंप्यूटर सिस्टम लगाने के निर्देश दिए। साथ ही समितियों के कर्मचारियों को केंद्र पर बैठाकर किसानों के ऑनलाइन टोकन बनवाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।

किसानों से की सीधे चर्चा
निरीक्षण के दौरान उन्होंने केंद्र पर मौजूद किसानों से चर्चा कर ऑनलाइन टोकन व्यवस्था की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सुबह 10 बजे के बाद ऑनलाइन टोकन बनना शुरू होंगे। किसानों को टोकन लेने से लेकर खाद प्राप्त करने तक किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए जरूरी व्यवस्थाएं की जा रही हैं।

कालाबाजारी पर लगेगी रोक
कलेक्टर ने कहा कि ऑनलाइन टोकन व्यवस्था से उर्वरक वितरण का रिकॉर्ड सुरक्षित रहेगा। इससे वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता आएगी और खाद की कालाबाजारी की संभावना पर रोक लगेगी। उन्होंने किसानों से नई व्यवस्था में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।

अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों को टोकन प्राप्त करने और खाद लेने में किसी तरह की अनावश्यक परेशानी न हो। केंद्र पर सभी व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित की जाएं। निरीक्षण के दौरान जिला विपणन अधिकारी अमिता मोरे सहित संबंधित अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Share