| |

झाबुआ में कभी भी गिर सकती है स्कूल: टीचर टीन शेड के नीचे पढ़ा रहे बच्चे; तेज बारिश हुई तो भर जाता है पानी

झाबुआ। मेघनगर जनपद की ग्राम पंचायत देवीगढ़ के ककरेज फलिया स्थित प्राथमिक स्कूल में 120 बच्चों का भविष्य भगवान भरोसे नजर आ रहा है। वर्ष 2024 में भवन के दो जर्जर कमरों को डिस्मेंटल कर दिया गया था, लेकिन इसके बाद आज तक नए भवन की स्वीकृति नहीं मिल सकी। वहीं स्कूल का बचा हुआ एकमात्र कक्ष भी पूरी तरह जर्जर हो चुका है, जिसकी छत से लगातार पानी रिसता है।

तेज बारिश के दौरान करनी पड़ती है छुट्टी
बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए शिक्षक ने शाला प्रबंधन समिति की सहमति से विद्यार्थियों को टीन के शेड के नीचे बैठाकर पढ़ाना शुरू कर दिया है। हालांकि बारिश के दौरान शेड के आसपास भी पानी भरने और तेज बारिश की स्थिति में पढ़ाई प्रभावित होने से कई बार स्कूल की छुट्टी करनी पड़ती है।

कई बार नई बिल्डिंग बनाने की हो चुकी मांग
स्कूल प्रबंधन का कहना है कि नए भवन की मांग को लेकर संबंधित अधिकारियों को कई बार लिखित रूप से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। इससे विद्यार्थियों की पढ़ाई के साथ उनकी सुरक्षा भी चिंता का विषय बनी हुई है। इस संबंध में ब्लॉक शिक्षा अधिकारी (बीईओ) दीपेश सोलंकी ने बताया कि मामले की रिपोर्ट बीआरसी से तलब की गई है। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Share