झाबुआ में छात्राओं के लिए साइबर सुरक्षा क्विज: शिविर में कानूनी अधिकारों की दी जानकारी; जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए किया प्रेरित

झाबुआ। शासकीय कन्या महाविद्यालय, झाबुआ में नालसा जागृति योजना के अंतर्गत ‘सशक्त युवा, सशक्त भारत’ अभियान के तहत विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर आयोजित किया गया।
शिविर में छात्राओं को साइबर अपराध, सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम, महिला संबंधी कानून और कार्यस्थल पर महिलाओं के लैंगिक उत्पीड़न की रोकथाम अधिनियम सहित विभिन्न कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई।
यह कार्यक्रम राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली और मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशन तथा प्रधान जिला न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण झाबुआ आशिता श्रीवास्तव के संरक्षण में आयोजित हुआ।

छात्राओं को साइबर सुरक्षा के प्रति किया जागरूक
शिविर की अध्यक्षता जिला विधिक सेवा प्राधिकरण झाबुआ के सचिव शिव कुमार डावर ने की। जिला विधिक सहायता अधिकारी जयदेव माणिक भी विशेष रूप से मौजूद रहे।
छात्राओं को संबोधित करते हुए शिव कुमार डावर ने कहा कि डिजिटल युग में अपने कानूनी अधिकारों और साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक रहना बेहद जरूरी है। ‘सशक्त युवा, सशक्त भारत’ अभियान का उद्देश्य युवाओं को विधिक साक्षरता से जोड़ना और उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करना है।
जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए किया प्रेरित
जिला विधिक सहायता अधिकारी जयदेव माणिक ने छात्राओं को कानूनी अधिकारों की जानकारी रखने के साथ एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने उपलब्ध विधिक सेवाओं के बारे में भी जानकारी दी।
साइबर सुरक्षा पर हुई क्विज प्रतियोगिता
शिविर के दौरान छात्राओं के लिए साइबर सुरक्षा और नालसा-डालसा की विधिक सेवाओं पर आधारित क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को पुरस्कृत किया गया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय की प्राचार्य अंजना सोलंकी, शिक्षकगण और बड़ी संख्या में छात्राएं मौजूद रहीं।
