सेंधवा में दहेज नियंत्रण को लेकर बैठक: शादी में 50,500 रुपए दहेज तय; नियम तोड़ने पर पंचायत करेगी कार्रवाई

सेंधवा। विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत लंगड़ीमोहड़ी में बुधवार को 30 से अधिक गांवों के पटेल, सरपंच और पुजाराओं की बैठक हुई। इसमें विवाह के दौरान बढ़ती दहेज राशि को नियंत्रित करने और समाज में इसके लिए तय नियमों का पालन कराने पर चर्चा हुई।
बैठक में सर्वसम्मति से दहेज सहित विवाह से जुड़ी अन्य रस्मों में दी जाने वाली राशि निर्धारित की गई। नियमों का उल्लंघन होने पर पंचायत स्तर पर कार्रवाई करने पर भी सहमति बनी।
शिक्षित लड़कियों के विवाह में बढ़ रही दहेज की राशि
बैठक में बताया गया कि शिक्षित या नौकरीपेशा लड़की से विवाह के दौरान मनमाने तरीके से दहेज मांगे जाने के मामले सामने आ रहे हैं। इसके चलते यह राशि लाखों रुपए तक पहुंच रही है। इसे नियंत्रित करने के लिए समाज के प्रतिनिधियों ने दहेज और अन्य खर्चों की सीमा तय करने का निर्णय लिया।

शादी पर 50,500 रुपए दहेज तय
बैठक में राजी-मर्जी से विवाह करने और लड़की को भगाकर लाने, दोनों परिस्थितियों में 50 हजार 500 रुपए दहेज तय करने पर सहमति बनी। सहमति से विवाह होने पर पंचों के लिए एक बकरा और लड़की को भगाकर लाने पर दो बकरे देने का निर्णय लिया गया।
पुजारा के लिए 125 रुपए निर्धारित किए गए। इसके अलावा पटेल का लाग दोनों पक्षों की ओर से 2-2 हजार रुपए और खावटी के रूप में 5 हजार रुपए तय किए गए।
दूसरी शादी पर 1.50 लाख रुपए दहेज
विवाहित लड़के द्वारा दूसरी शादी करने की स्थिति में 1 लाख 50 हजार रुपए दहेज निर्धारित किया गया। इसके साथ दोनों पक्षों की ओर से 5-5 हजार रुपए पटेल का लाग, दो बकरे और पंचों के लिए 2 हजार रुपए देने पर सहमति बनी।
शादी टूटने पर 51 हजार रुपए लौटाने का नियम
बैठक में शादी के बाद यदि लड़की ससुराल में नहीं रहती है तो लड़के पक्ष को 51 हजार रुपए वापस करने का नियम तय किया गया। वहीं, सगाई के बाद लड़की के किसी दूसरी जगह चले जाने की स्थिति में लड़के पक्ष को 25 हजार रुपए वापस करने पर सहमति बनी।
नियम तोड़ने पर पंचायत स्तर पर होगी कार्रवाई
बैठक में तय किए गए सभी नियमों का पालन कराने पर जोर दिया गया। प्रतिनिधियों ने सहमति जताई कि यदि कोई व्यक्ति निर्धारित राशि या नियमों का उल्लंघन करता है तो पंचायत स्तर पर उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।