पटना में RJD के राजभवन मार्च के दौरान बवाल: तेजस्वी यादव और मीसा भारती डिटेन, वाटर कैनन चली; कई मार्गों पर भीषण जाम

पटना। बिहार के सीवान में छात्र आंदोलन के दौरान AK-47 से फायरिंग के मामले को लेकर RJD ने बुधवार को पटना में राजभवन मार्च निकाला। तेजस्वी यादव के नेतृत्व में जेपी गोलंबर से राजभवन तक निकाले गए करीब 5 किलोमीटर लंबे मार्च में बड़ी संख्या में RJD कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए। मार्च के कारण शहर के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई और भीषण जाम की स्थिति बन गई।
वीरचंद पटेल पथ, आर ब्लॉक, इनकम टैक्स चौराहा और आर ब्लॉक ओवरब्रिज पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। जाम में एंबुलेंस भी फंसी नजर आई।

बैरिकेडिंग तोड़कर आगे बढ़े तेजस्वी, वाटर कैनन चली
मार्च के दौरान RJD समर्थक डाकबंगला चौराहे पर लगाई गई बैरिकेडिंग को तोड़कर आगे बढ़े। इसके बाद इनकम टैक्स चौराहे पर पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। वाटर कैनन चलने के दौरान कुछ RJD कार्यकर्ता डांस करते हुए भी नजर आए।
कुछ कार्यकर्ताओं द्वारा पुलिस की ओर पानी की बोतलें फेंकने की बात भी सामने आई। वहीं, कुछ कार्यकर्ता लकड़ी से बनी AK-47 जैसी आकृति लेकर मार्च में पहुंचे। ASP लॉ एंड ऑर्डर कृष्ण मुरारी प्रसाद ने जवानों को निर्देश दिया कि झंडे का सम्मान रखते हुए लाठी का इस्तेमाल समझदारी से करें।

तेजस्वी यादव और मीसा भारती डिटेन
लोकभवन/राजभवन मार्च के दौरान पुलिस ने तेजस्वी यादव को हिरासत में लिया। समर्थकों को इनकम टैक्स चौराहे के पास रोक दिया गया। बाद में तेजस्वी यादव और मीसा भारती को RJD कार्यालय से दोबारा पुलिस ने डिटेन किया। SDM कृतिका उन्हें अपनी गाड़ी से सचिवालय थाना लेकर पहुंचीं।
तेजस्वी यादव ने कहा, “पुलिस अपना काम कर रही है। हम अपना काम कर रहे हैं। कई सांसद विधायक जख्मी भी हुए हैं। हम राज भवन जाने का प्रयास कर रहे थे।”
उन्होंने कहा कि छात्रों के लिए उनकी पार्टी आगे भी लड़ती रहेगी और जब तक युवाओं को नौकरी नहीं मिलती, उनकी लड़ाई जारी रहेगी।

मीसा भारती ने की DM-SP पर कार्रवाई की मांग
RJD सांसद मीसा भारती ने कहा कि उनकी मांग बिहार के छात्रों को इंसाफ दिलाने की है। उन्होंने सीवान में छात्र प्रदर्शन के दौरान पुलिसकर्मी द्वारा AK-47 से फायरिंग के मामले में सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार केवल एक सिपाही को निलंबित करके क्या साबित करना चाहती है।
उन्होंने मांग की कि मामले में DM और SP पर भी कार्रवाई की जाए। मीसा भारती ने कहा कि यदि सरकार को कार्रवाई करनी थी तो केवल सिपाही के बजाय जिम्मेदार अधिकारियों पर भी कार्रवाई होनी चाहिए।
कार्यकर्ता धरने पर बैठे
तेजस्वी यादव को डिटेन किए जाने के बाद RJD कार्यकर्ता इनकम टैक्स चौराहे के पास धरने पर बैठ गए। RJD MLC सुनील सिंह ने कहा कि जब तक तेजस्वी यादव को रिहा नहीं किया जाता, तब तक कार्यकर्ता धरने पर बैठे रहेंगे।
प्रदर्शन के दौरान RJD कार्यकर्ताओं ने वाटर कैनन के इस्तेमाल पर भी सवाल उठाए। कुछ समर्थकों ने पुलिस से कहा कि वाटर कैनन का इस्तेमाल क्यों बंद किया गया।
11 साल बाद RJD का राजभवन मार्च
RJD ने करीब 11 साल बाद राजभवन मार्च किया है। इससे पहले 2015 में पार्टी ने राजभवन मार्च निकाला था। उस समय लालू यादव की पार्टी ने 2011 की जनगणना के आधार पर जातीय गणना की रिपोर्ट जारी करने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया था।
तेजस्वी यादव लंबे समय बाद सड़क पर संघर्ष करते नजर आए। इससे पहले 2021 में बिहार सरकार के एक प्रस्ताव के विरोध में उन्होंने सड़क पर प्रदर्शन किया था।